खाली जेब मनेगी कर्मचारियों की दिवाली, त्यौहार से पहले वेतन भुगतान की मांग

भोपाल : दीपावली का त्यौहार अक्टूबर के आखिरी में है। इसी बात को ध्यान में रखकर कर्मचारी संघों ने शासन स्तर पर जल्द वेतन भुगतान की मांग की थी| लेकिन अब तक शासन स्तर पर दीपावली से पहले वेतन जारी करने का निर्णय नहीं लिया गया है। वहीं अब तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के उमाशंकर तिवारी ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि दीपावली त्योहार 27 अक्टूबर को है इसलिए अक्टूबर माह का वेतन दीपावली से पूर्व दिया जाए।

उन्होंने कहा है कि आखिरी सप्ताह में त्योहार है ऐसे में सरकार चाहे तो लाखों कर्मचारियों को अक्टूबर माह के वेतन का भुगतान कर सकती है। ऐसा किया तो कर्मचारी खुशी से त्योहार मना सकेंगे। दीपावली त्यौहार से पहले कर्मचारियों के खाते खाली हो चुके हैं। कर्मचारियों के हित में वेतन जल्द दिया जाना चाहिए। संघ के प्रदेश सचिव उमाशंकर तिवारी ने बताया कि महीने के अंतिम सप्ताह में दीपावली का त्योहार आने से कर्मचारियों को वेतन के अभाव में परेशानी होगी। छत्तीसगढ़ सरकार ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। मध्यप्रदेश सरकार को भी कर्मचारियों के लिए यह व्यवस्था करना चाहिए।

दिवाली से पहले वेतन देने का निर्णय सरकार को करना है, हालाँकि इसमें कई तकनीकी पेंच भी है| क्यूंकि वेतन देने के लिए 20 से 25 तारीख तक हर हाल में सभी विभागों के वेतन बिल कोषालय तक पहुंचने चाहिए। वहीं वित्त विभाग को ऑनलाइन सिस्टम में बदलाव भी करना होगा। जिसके लिए आदेश जारी करना और फिर साफ्टवेयर में तकनीकी बदलाव कर पाना इतनी जल्दी मुश्किल है| विभागों द्वारा ऑनलाइन वेतन बिल तभी स्वीकृत होते हैं, जब विभाग के खाते में बजट उपलब्ध होता है। इसलिए शासन को सबसे पहले 20 से 25 तारीख के बीच विभागों के खाते में सबसे पहले बजट देना होगा। इसके बाद ऑनलाइन बिल भेजे जाएंगे। बिल पास करने के लिए एकीकृत वित्तीय प्रबंधन प्रणाली के साफ्टवेयर की तारीख में भी बदलाव करना होगा| समय से पहले बिल तैयार करना भी मुश्किल ही है। क्योंकि माह के सभी दिनों की कार्य अवधि, छुट्टियों आदि का ब्यौरा देखा जाता है।

Leave a Reply

%d bloggers like this: