शहर में 9 फरवरी को इनामी दंगल होगा। दंगल में प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, दिल्ली, छत्तीसगढ़ सहित अन्य प्रदेशों से…

Jan 28, 2020,
शहर में 9 फरवरी को इनामी दंगल होगा। दंगल में प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, दिल्ली, छत्तीसगढ़ सहित अन्य प्रदेशों से पहलवान शिरकत करेंगे। इस बार 85 किलो वर्ग में भी कुश्ती होगी। 85 किलो वर्ग में जीतने वाले पहलवान को बैतूल केसरी की उपाधि से सम्मानित किया जाएगा। दंगल में महिला पहलवान भी दांवपेंच दिखाएंगी।
जय हनुमान व्यायाम शाला द्वारा आयोजित इनामी दंगल को लेकर तैयारियां जारी हैं। दंगल में 50 किलो वर्ग से लेकर 85 किलो वर्ग तक कुश्ती प्रतियोगिता हाेंगी। हर वर्ग में प्रथम और द्वितीय पुरस्कार दिया जाएगा। व्यायाम शाला के प्रमोद अग्रवाल, प्रेम शंकर मालवीय, विवेक मालवीय, पुनीत खंडेलवाल, नवनीत श्रीवास, बंटी राठौर, विनोद बुंदेले ने बताया दंगल में कुल डेढ़ लाख के पुरस्कार दिए जाएंगे। हर वर्ग में प्रथम और द्वितीय पहलवानों को नकद पुरस्कृत दिया जाएगा। भारतीय कुश्ती के नियमों का दंगल में पालन किया जाएगा। इसके लिए अंतरराष्ट्रीय कोच सहित निर्णायक मंडल बैतूल आएगा।
महिला पहलवान रहेंगी आकर्षण
इनामी दंगल में बैतूल सहित अन्य जिलोें से महिला पहलवान भी शिरकत करेंगी। बैतूल की तीन महिला पहलवानों के अलावा खंडवा, महाराष्ट्र तथा दिल्ली की महिला पहलवान भी अपने दांवपेंच दंगल में दिखाएगी। इस दंगल में करीब 150 से 200 पुरुष तथा महिला पहलवान शिरकत करेंगे।
अलग- अलग वर्ग में मिलेगा पुरस्कार
केवल एक दिन के इनामी दंगल में दोपहर 12 से रात 10 बजे तक हर वर्ग की 75 से 100 कुश्ती
होगी। इसके लिए 50 किलो तक, 50 से 55 किलो, 55 से 65 किलो, 65 से 75 किलो, 75 से 85 किलो तथा 85 किलो वर्ग तक पहलवानों को अलग-अलग पुरस्कार दिया जाएगा।
बैतूल। दंगल के बारे में जानकारी देते हुए आयोजन से जुड़े पदाधिकारी।