दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में भाजपा की अगली सूची की तैयारी पूरी

नई दिल्‍ली। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक दिल्ली में चल रही है। बैठक में मध्यप्रदेश की बाकी 94 विधानसभा सीटों के प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लग सकती है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अगुवाई में बुलाई गई इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मौजूद हैं। भाजपा शुक्रवार देर रात या शनिवार को सूची जारी कर सकती है। जो सीटें घोषित होना बाकी हैं, उसमें सीटिंग विधायकों के साथ हारी हुई सीटें भी शामिल हैं।

बैठक में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा दिल्ली पहुंचे हैं। यहां भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी व केंद्रीय मंत्री भूपेद्र यादव, सह प्रभारी व केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक व केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय समेत अन्य नेता भी मौजूद हैं।

इन मंत्रियों की सीट पर आज फैसला संभव
शिवराज सरकार के 9 मंत्रियों की सीट पर टिकट का ऐलान होना बाकी है। इसमें मंत्री उषा ठाकुर, इंदर सिंह परमार, गौरीशंकर बिसेन, ओपीएस भदौरिया, रामखेलावन पटेल, सुरेश धाकड़, बृजेंद्र सिंह यादव और महेंद्र सिंह सिसोदिया का टिकट होल्ड रखा है। वहीं, यशोधरा राजे सिंधिया ने स्वास्थ्य कारणों से चुनाव लड़ने से मना कर दिया है।

कुछ मंत्रियों के कट सकते हैं टिकट
पार्टी सूत्रों का कहना है कि कुछ मंत्रियों के टिकट अंतिम दौर में काटे जा सकते हैं। इनकी संख्या 5 तक हो सकती है। इसका कारण सर्वे रिपोर्ट में उनकी परफॉर्मेंस ठीक नहीं होना बताया जा रहा है। यह बात भी चर्चा में है कि दो मंत्रियों की स्थिति ठीक नहीं होने के बावजूद टिकट मिल सकता है, क्योंकि उनके विकल्प के तौर पर अच्छे कैंडिडेट नहीं मिल रहे हैं। माना जा रहा है कि जातिगत और क्षेत्रीय समीकरण के चलते फंसने वाली सीटों को छोड़कर बाकी सीटों के प्रत्याशियों के नाम पार्टी जारी कर देगी।

Leave a Reply