नगर निगम प्रशासन जल्द ही सभी सफाई मित्रों के ऐसे यूनिक आई.डी. कार्ड बनाने जा रहा है जिसको न केवल बसों में यात्रा करने के दौरान उपयोग कर सकेंगे बल्कि निगम के अन्य अधिकारी/कर्मचारियों की तरह निगम चिकित्सालय में चिकित्सा सेवा भी ले सकेंगे। कार्ड में और क्या-क्या सुविधाएं बढ़ाई जा सकती है इसको लेकर प्लानिंग चल रही है। सबकुछ ठीक रहा तो अगले महीने से कार्ड बनाने का काम शुरू हो जाएगा।
गौरतलब है कि नगर निगम में लंबं समय से सेवाएं दे रहे दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को नियमित/विनियमित कर्मचारियों की तरह सुविधाएं नहीं मिल पाती। कई बार शासन के नियमों के अनुसार निगम भी चाहकर ऐसे कर्मचारियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने में असमर्थ रहता है लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। नगर निगम आयुक्त श्री विजय दत्ता ने शहर के सभी सफाई मित्रों के लिए यूनिक आई.डी. कार्ड बनाने के लिए अधिकारियों को प्लानिंग करने के निर्देश दिए। यह ऐसा आई.डी. होगा जिससे निगम के सफाई मित्रों की अलग पहचान बनेगी, उन्हें अन्य कर्मचारियों की तरह ही निगम की सुविधाएं उपलब्ध होंगी जैसे सिटी बसों में रियायती पास या टिकिट में सुविधा होगी। इसके अलावा फतेहगढ़ स्थित नगर निगम के चिकित्सालय में अधिकारियां और कर्मचारियों को ही स्वास्थ्य सेवाएं मिलती थीं लेकिन अब यूनिक आई.डी. कार्ड बनने के बाद सफाई मित्रों को भी यहां सुविधाएं मिलेंगी। इसकी कार्ययोजना पर काम शुरू हो गया है।
7 हजार कर्मचारियों को होगा लाभ
नगर निगम के सभी 19 जोन सहित 85 वार्डों में करीब 07 हजार से अधिक सफाई मित्र है। यह दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी हैं, जो लंबे समय से 25 दिवसीय के रूप में सेवाएं दे रहे है। शासन की गाईड लाईन के मुताबिक इन कर्मचारियों को कोई सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाती लेकिन नगर निगम भोपाल प्रदेश का पहला नगर निगम होगा जहां सफाई मित्रों को यूनिक आई.डी. कार्ड दिए जाएंगे जिससे वह भी दूसरे कर्मचारियों की तरह सुविधाएं ले सके। फिलहाल इस कार्ययोजना पर काम चल रहा है। नगर निगम आयुक्त श्री विजय दत्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए है कि कर्मचारियों को लाभ पहुंचाने हेतु इस कार्ड में और क्या-क्या सुविधाएं बढ़ाई जा सकती है पर भी विचार करें।