आईएनएसवी तारिणी ने भारत की समुद्री गतिविधि कार्यानुसूची में एक और मील का पत्थर स्थापित किया है। तारिणी ने एक ऐतिहासिक यात्रा को पूरा कर गोवा बंदरगाह में प्रवेश कर किया और भारतीय तटों को छुआ। 188 दिन तथा 17,000 समुद्री मील की अंतर-महाद्वीपीय व महासागर को पार करने वाली यात्रा के सफल समापन पर आईएनएसवी तारिणी को गोवा बंदरगाह पर आईएनएस मंडोवी नौका के साथ सुरक्षित खड़ा कर दिया गया है। छह सदस्यीय चालक दल की अगवानी के लिए इस नौका पर गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती स्मृति जुबिन ईरानी और नौसेनाध्यक्ष एडमिरल आर हरि कुमार उपस्थित थे। वाइस एडमिरल एमए हम्पीहोली (फ्लैग ऑफिसर, दक्षिणी नौसेना कमान कमांडिंग इन चीफ), भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान सुश्री रानी रामपाल और कई वरिष्ठ नौ सेना अधिकारी, नौ सेना के सदस्य तथा अन्य गणमान्य नागरिक भी इस अवसर पर मौजूद थे।
आईएनएसवी तारिणी के स्वागत के लिए ‘फ्लैग इन’ समारोह की शुरुआत नेवी बॉयज स्पोर्ट्स कंपनी के युवा एवं होनहार नौका चालकों द्वारा कुशल नौकायन के शानदार प्रदर्शन के साथ शुरु हुई। इसके बाद, विभिन्न क्षमताओं से लैस चेतक, कामोव 31, हॉक्स आईएल 38, डोर्नियर और मिग 29के जैसे नौसेना के विमानों द्वारा एक अद्भुत फ्लाई पास्ट किया गया।
गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने इस अवसर पर संबोधित किया। उन्होंने चालक दल द्वारा दर्शायी गई वीरता, साहस और दृढ़ता के अद्भुत प्रदर्शन की सराहना की। डॉ. प्रमोद सावंत ने देश में समुद्री नौकायन के क्षेत्र में अग्रणी के रूप में भारतीय नौसेना की भूमिका का उल्लेख भी किया। उन्होंने बताया कि कैप्टन दिलीप डोंडे (सेवानिवृत्त), कमांडर अभिलाष टॉमी (सेवानिवृत्त) और छह महिला नौसेना अधिकारियों की ‘नाविका सागर परिक्रमा टीम’ ने पहले भी अंतर्राष्ट्रीय प्रशंसा बटोरी है, जो कि नारी शक्ति का स्पष्ट प्रदर्शन है।
आईएनएसवी तारिणी की गोवा से केपटाउन होते हुए रीओ-डी-जेनेरियो की ऐतिहासिक यात्रा और वहां से वापसी का सफर 188 दिनों की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
(https://pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1925885)