गांधी जयंती के मौके पर मथुरा में पर्यावरण प्रहरी अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान के तहत श्रीकृष्ण भक्तों को पर्यावरण प्रहरी की शपथ दिलाई जाएगी।

मथुरा में धरती और प्रकृति के मूल स्वरूप की रक्षा के लिए बुधवार को एक अभियान की शुरुआत की गई। इस बात की जानकारी श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को शक्ति देने के लिए शुरू हुए इस अभियान के तहत विश्वभर के श्रीकृष्ण भक्तों को जोड़ा जाएगा और पर्यावरण प्रहरी के रूप में सजग रहने का संकल्प दिलाया जाएगा।
कपिल शर्मा ने कहा, ‘राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती से शुरू हुआ यह अभियान अगले वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर 2020) तक चलेगा। करीब एक वर्ष की अवधि के दौरान संस्थान के लाखों श्रीकृष्ण भक्तों को संकल्प दिलाकर पूर्ण सफल अभियान बनाने का लक्ष्य है।’ उन्होंने कहा कि धरती, प्रकृति, नदी और वायुमंडल का दिनों दिन बिगड़ता स्वरूप आज विश्व के लिए चिंता का विषय बन गया है। स्थिति इतनी भयावह हो गई है कि प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में जीव प्रजातियां विलुप्त हो रही हैं। अगला खतरा मानव जाति पर मंडरा रहा है। यदि आज हम नहीं जागे तो यह हमारी भावी पीढ़ी के लिए अपराध होगा।
