प्रदेश उपाध्यक्ष ने सीएम को पत्र लिखकर की धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ बंद करने की मांग
भोपाल। कुक्कुट विकास निगम द्वारा निगम परिसर के सामने पार्लर लगाकर कडकनाथ मुर्गे के मांस के साथ गांय का दूध एक ही पार्लर से बेचा जा रहा है। प्रदेश सरकार की इस योजना पर आपत्ति जताते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक श्री रामेश्वर शर्मा ने मुख्यमंत्री कमलनाथ को पत्र लिखकर हिन्दुओं की धार्मिक भावनाओं से खिलवाड बंद किए जाने की मांग की।
श्री रामेश्वर शर्मा ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि मध्यप्रदेश कुक्कुट विकास निगम द्वारा आदिवासी भाईयों से कडकनाथ मुर्गे खरीदकर उनका मांस बेचा जा रहा है। प्रमुख समाचार चैनलों के माध्यम से मुझे ज्ञात हुआ है कि चिकन पार्लर से निगम की डेरियों से तैयार शुद्ध गाय का दूध भी विक्रय किया जा रहा है। एक ही व्यक्ति विक्रय केन्द्र पर मांस और दूध बेच रहा है, जो कि गलत है। उन्होंने पत्र में कहा कि मैं शुद्धता के लिए शासन प्रशासन के हर प्रयास के साथ हूं। अगर आदिवासी भाईयों को कड़कनाथ के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने के प्रयास किए गए है तो सरकार के यह प्रयास भी स्वागत योग्य है, बल्कि सरकार को चाहिए कि वह आदिवासी भाईयों द्वारा ही संपूर्ण मध्यप्रदेश में कडकनाथ का विक्रय कराए। परंतु गाय के शुद्ध दूध को मांस की दुकान पर बेचना गलत है।
उन्होंने कहा कि हिन्दू धर्म में पूजा पाठ और कर्मकांड में दूध का विशेष महत्व है। हिन्दू धर्म की आस्था को ध्यान में रखते हुए चिकन पार्लर से गाय के दूध के विक्रय पर प्रतिबंध लगाया जाए। श्री शर्मा ने पत्र में कहा कि नवदुर्गा व्रत प्रारंभ होने से पूर्व निगम द्वारा संचालित इस पार्लर को अलग-अलग स्थानों पर अलग-अलग व्यक्तियों के माध्यम से संचालित किए जाने की व्यवस्था लागू की जाए और सरकार तत्काल निर्देश दे।