
नीमच। जिले के ग्राम आंतरी माता स्थित एक मकान में भीषण आगजनी हुई है। घटना में वहां रखा सूखला और सामान जलकर खाक हो गया। साथ ही आग में तीन भैंसों के चपेट में आने की खबर भी सामने आ रही है। घटना शुक्रवार दोपहर करीब 2.30 बजे की मनासा थाना क्षेत्र के ग्राम आंतरीमाता की बताई जा रही है।
यहां रहने वाली महिला रामकन्या पति स्व. तेजसिंह पंवार के घर में अचानक आगजनी हो गई। आगजनी से वहां मौजूद करीब 10 ट्रॉली सूखला, लकड़िया और घर में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। साथ ही घर के बाड़े में बंधी तीन भैंसे भी आग की चपेट में आ गई, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मनासा थाने पर तैनात डायल हंड्रैड और कुकड़ेश्वर की दमकल मौके पर पहुंची, और आगजनी की घटना पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए। जिसके बाद घंटों की मशक्कत से आगजनी की घटना पर काबू पाया गया। शुरूआती जांच में आगजनी का कारण शॉर्ट सक्रिट बताया जा रहा है।
मनासा की फायरब्रिगेड ग्राम अल्हेड़ में–
प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि, मनासा थाना क्षेत्र में आज ही के दिन एक ही समय पर दो जगहों पर आगजनी की घटना एक साथ हुई। जिसमे पहली आंतरीमाता में, तो दूसरी ग्राम अल्हेड़ में। इसी कारण मनासा की दमकल ग्राम अल्हेड़ पहुंची, और स्थित को नियंत्रण में करने के प्रयास शुरू किए, तो वहीं आंतरीमाता में आगजनी की सूचना मिलते ही कुकड़ेश्वर की दमकल मौके पर पहुंची।