*कांग्रेस शासन में बीमारू राज्य था मध्यप्रदेश, भाजपा ने विकसित बनाया – शर्मा*

पन्ना। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि पन्ना जिले के गुन्नौर क्षेत्र में नर्मदा जल लाने के लिए तकनीकी परीक्षण करवाया जाएगा। पन्ना जिले के नागरिकों को नर्मदा मैया का पानी उपलब्ध कराया जायेगा। गुन्नौर के महाविद्यालय में विज्ञान की कक्षाएं प्रारंभ की जाएंगी। इसके साथ ही स्थानीय कन्या विद्यालय के उन्नयन की कार्यवाही भी की जाएगी। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने शुक्रवार को पन्ना जिले के गुन्नौर में जनदर्शन के पश्चात लाड़ली बहना कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस अवसर पर 677 करोड़ रूपए राशि के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।

*जन कल्याण में नहीं छोड़ेंगे कोई कसर, तीन निकायों को एक-एक करोड़ रूपए*

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जनकल्याण में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। पन्ना जिले के तीन नगरीय निकायों को विकास कार्यों के लिए गुन्नौर, अमानगंज और देवेन्द्र नगर के लिए एक-एक करोड़ रूपए की राशि प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पूर्व सरकार ने योजनाओं के क्रियान्वयन पर पलीता लगा दिया था। आज मध्यप्रदेश तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी दिन-रात जनसेवा में लगे हैं। उन्होंने निर्धन तबके को निःशुल्क राशन उपलब्ध करवाने का कार्य किया है। मध्यप्रदेश सरकार भी आम जनता के कल्याण के लिए सक्रिय है। यहाँ 600 करोड़ रूपए की राशि से घर-घर तक पाइप लाइन से पानी पहुंचाने का कार्य हुआ है। मेडिकल और इंजीनियरिंग में होनहार विद्यार्थियों द्वारा प्रवेश लिए जाने पर शिक्षण शुल्क देने की पहल की गई है। विद्यार्थियों को चाहे 10 लाख रूपए तक फीस भरनी हो, इसकी व्यवस्था राज्य सरकार करेगी। किसानों के लिए पर्याप्त सिंचाई जल और 6 हजार रूपए पीएम किसान निधि के साथ ही राज्य स्तर पर प्रतिवर्ष 6 हजार रूपए की राशि देने का कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही शून्य प्रतिशत ब्याज पर किसानों को ऋण भी मिल रहा है। पूर्व सरकार द्वारा बैगा, सहरिया और भारिया परिवारों के लिए आहार अनुदान की राशि का भुगतान बंद कर दिया गया था। पूर्व सरकार ने बहनों को मिलने वाली 16 हजार रूपए की प्रसव सहायता राशि, कन्यादान योजना और तीर्थ दर्शन योजना का क्रियान्वयन भी बंद कर दिया था। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि हमारी सरकार बुजुर्गों को रेल ही नहीं प्लेन से भी तीर्थों के दर्शन करवा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में हम महिला सशक्तिकरण का इतिहास बनाएंगे। लाड़ली लक्ष्मी योजना के बाद लाड़ली बहना योजना का क्रियान्वयन प्रारंभ किया गया है। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के क्रियान्वयन पर राज्य सरकार ने 15 हजार करोड़ रूपए का प्रबंध किया है। लाड़ली बहनों का सम्मान इस योजना से बढ़ रहा है। प्रयास यह है कि विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से मासिक आमदनी 10 हजार रूपए तक हो जाए। प्रदेश में दुराचारियों के लिए कठोर सजा और फांसी तक के प्रावधान किए गए हैं।

*प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गरीबों का जीवन बदला – विष्णुदत्त शर्मा*

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश 2003 के पहले मिस्टर बंटाढार दिग्विजय सिंह के शासनकाल में बीमारू राज्य था। जनता सड़क, बिजली और पानी के लिए तरसती थी। मध्यप्रदेश को दुरावस्था के दौर से निकालने का काम भारतीय जनता पार्टी ने किया। 2003 में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी तब से मध्यप्रदेश में बदलाव आना शुरू हुआ। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकसित राज्य बना। उन्होंने कहा कि आज प्रत्येक नागरिक को भाजपा सरकार ने संबल और ताकत देने का काम किया है। किसानों की तस्वीर और तकदीर बदली है। माताओं, बहनों को संबल मिला है। अंतिम पंक्ति का व्यक्ति भी अग्रिम पंक्ति में आ गया है। श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में और मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश में गरीबों का जीवन बदलने का काम किया है। विकास को लेकर देश और प्रदेश में उल्लेखनीय कार्य हुए है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लाडली बहना योजना में हर महीने 1 हजार रूपए देकर बहनों को संबल दिया है।

*हम मिलकर विधानसभा और लोकसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ इतिहास बनायेंगे*

श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार की डबल इंजन की सरकार ने मध्यप्रदेश को नए आयाम पर पहुंचाया है। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने अथक परिश्रम कर मध्यप्रदेश को विकसित प्रदेश बनाया है, अब मिलकर स्वर्णिम मध्यप्रदेश बनायेंगे। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति का आशीर्वाद और स्नेह हमेशा भारतीय जनता पार्टी के साथ रहा है। आने वाले चुनाव में हम सभी मिलकर विधानसभा 2023 और लोकसभा 2024 के चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ इतिहास बनायेंगे। उन्होंने उपस्थित जनता से कहा कि पिछले चुनाव में गलती से गुन्नौर में कांग्रेस जीत गयी थी, यहां की जनता 5 साल तक कांग्रेस विधायक को ढूंढते रही। इस बार हमें गलती नहीं करना है, पूरे जोश और होश के साथ भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी को विजयी बनाना है।

*जनदर्शन में उमड़े नागरिक*

कार्यक्रम में खनिज मंत्री श्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। जनदर्शन में गुन्नौर के नागरिक मुख्यमंत्री श्री चौहान के स्वागत के लिए उमड़ पड़े। अनेक स्थानों पर मंच बनाकर मुख्यमंत्री श्री चौहान और प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा का स्वागत पुष्पहारों से किया।

*विकास कार्यो का लोकार्पण – भूमिपूजन*

गुनौर जिला पन्ना में आज मुख्यमंत्री श्री चौहान ने 677.49 करोड़ के विकास कार्यो का लोकार्पण, भूमिपूजन किया। गुनौर विधानसभा क्षेत्र के लिए 677 करोड़ 49 लाख 46 हजार रूपये के 9 विकास कार्यो का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। इनमें 60 करोड़ 17 लाख के 3 विकास कार्यो का लोकार्पण और 617 करोड़ 32 लाख 41 हजार रूपये के 9 विकास कार्यो का भूमिपूजन एवं शिलान्यास शामिल है। इन कार्यों में 27-27 करोड़ के वितरण केन्द्र बिरवाही, देवेन्द्र नगर एवं पवई क्षेत्र के ग्राम सिमरिया में 132/33 केवी उप केन्द्रों का निर्माण और 6.17 करोड़ लागत का गुनौर बायपास मार्ग लंबाई 3.30 कि.मी. शामिल है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जिन विकास कार्यों के लिए भूमिपूजन किया, उनमें 506 करोड़ 54 लाख की पवई व्यारमा समूह जल प्रदाय योजना, 38 करोड़ से शासकीय उत्कृष्ट उमावि, गुनौर का पुनर्विकास कार्य, 31 करोड़ 70 लाख का उत्कृष्ट उमावि ककरहटी का पुनर्विकास, 27 करोड़ 65 लाख की गुनौर की अमृत 2.0 जल प्रदाय योजना, 12 करोड़ 63 लाख 41 हजार रूपये की लागत से शाहनगर में नवीन शासकीय आईटीआई का निर्माण और 80 लाख से गुनौर नगर परिषद का कार्यालय भवन का निर्माण शामिल है।

 

(आशीष अग्रवाल)

प्रदेश मीडिया प्रभारी

Leave a Reply