पन्ना,
भारतीय जनता पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं की मेहनत और परिश्रम से ही आज हमारी पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी राजनीति पार्टी बनी है। पार्टी के कार्यकर्ता पूरे देश में अपने पुरूषार्थ के बल पर राजनीति के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। असाधारण प्रतिभा और मजबूती से कार्य करने वाले लोग भारतीय जनता पार्टी में आगे बढते है। त्रिदेव बूथ के वह तीन कार्यकर्ता हैं जो भारतीय जनता पार्टी की रीढ़ हैं। बूथ अध्यक्ष, बूथ महामंत्री और बीएलए यह तीन कार्यकर्ता सजग हैं, उत्साहित होकर विजय का संकल्प लेते हैं तो कोई विजय को रोक नहीं सकता। यह बात पार्टी के प्रदेश प्रभारी श्री मुरलीधर राव ने सोमवार को पन्ना जिले की गुन्नोर विधानसभा के प्रेम प्रीतक पैलेस पर त्रिदेव सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। सम्मेलन को पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व सागर संभाग प्रभारी श्री चौधरी मुकेश चतुर्वेदी, जिला प्रभारी श्री उमेश शुक्ला, जिला अध्यक्ष श्री रामबिहारी चौरासिया ने भी सम्बोधित किया।