शाजापुर,
भारतीय जनता पार्टी सरकार ने कश्मीर से धारा 370 को समाप्त करने का काम किया। अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण का संकल्प पूरा होने जा रहा है। साथ ही तीन तलाक को भी समाप्त कर दिया। अब सबसे बड़ा कोई काम बचा है तो वह है भारत को फिर से विश्वगुरु बनाना है। भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता इस कार्य के लिए कृत संकल्पित है। भारतीय जनता पार्टी विश्व पटल पर भारत को सिरमौर बनाने के लिए कार्य कर रही है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी श्री मुरलीधर राव ने शाजापुर के जिला कार्यालय में पार्टी के जिला पदाधिकारी, मोर्चा पदाधिकारी एवं मंडल अध्यक्ष, महामंत्रियां की बैठक में कही। श्री राव ने आगामी विधानसभा चुनाव एवं पार्टी के कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से चर्चा की।
प्रदेश प्रभारी श्री मुरलीधर राव बुधवार को शाजापुर प्रवास पर आए थे। उन्होंने इस दौरान भाजपा जिला कार्यालय में पार्टी के जिला पदाधिकारी, मोर्चा पदाधिकारी एवं मंडल अध्यक्ष, महामंत्रियां की बैठक को संबोधित किया। श्री राव ने दुपाड़ा रोड़ स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में बूथ समिति के त्रिदेव एवं पंच परमेश्वर के सम्मेलन को भी संबोधित किया। श्री राव ने स्थानीय प्रसिद्ध मां राज राजेश्वरी माता मंदिर पहुंचकर पूजन अर्चन किया। तत्पश्चात पार्टी के पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओ की बैठक में शामिल हुए। श्री राव जिला कोर कमेटी की बैठक में भी शामिल हुए।
*भाजपा की स्थापना भारत को विश्व गुरू बनाने के लिए हुई*
श्री मुरलीधर राव ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के लोग सत्ता में आने का इंतजार कर रहे है। कांग्रेस के पास इंतजार के अलावा कोई काम नहीं बचा है। भाजपा सरकार के तीन साल निकल गए पर उन्होंने कोई आंदोलन, धरना प्रदर्शन नही किया, क्योंकि सिर्फ वे सत्ता का इंतजार कर रहे है। भाजपा विपक्ष में भी होती है तो कोई कार्यकर्ता चेन से नही बैठता। कभी जेल भरता है तो कभी आंदोलन करके जनता की आवाज बनता है। भारतीय जनता पार्टी इतनी जल्दी थकने वाली पार्टी नही है। आने वाले 25 साल तक भाजपा सरकार में रहेगी। सिर्फ सत्ता पाने के लिए भाजपा की स्थापना नही हुई है भाजपा की स्थापना भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए हुई है।
*भाजपा से ही भारतीय संस्कृति और भारत की विविधता है*
श्री राव ने कहा कि देश में कोई राजनैतिक दल नही है जो भारत माता की जय बोलते है, सिर्फ भारतीय जनता पार्टी ऐसा दल है जिसका कार्यकर्ता हर वक्त भारत माता की जय बोलते है। श्री राव ने कहा कि देश में बहुत से राजनैतिक दल काम करते है जो परिवार से चलते है। सिर्फ भारतीय जनता पार्टी एक ऐसा दल है जो कार्यकर्ताओं से संचालित होती है। भाजपा से ही भारतीय संस्कृति और भारत की विविधता है। कांग्रेस हमारी संस्कृति और विविधता को खत्म करने में लगी है। श्री राव ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में हमारी सरकार ने कई विकास कार्य किए है। आमजनों को कई कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लाभ दिया है, उन्ही लाभार्थियों को हमें मतदाता के रूप में बदलना है। हमें सरकार की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि पार्टी के बूथ विजय संकल्प अभियान के माध्यम से प्रत्येक बूथ पर 51 प्रतिशत वोट बढाने का कार्य करना है। आज देश के कई प्रदेशों में हमारी सरकार बूथों पर काम करने वाले कार्यकर्ताओ के कारण ही है, इसलिए बूथ ही हमारी जीत का मूलमंत्र है।इस दौरान पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं उज्जैन संभाग प्रभारी श्री आलोक शर्मा, प्रदेश शासन के मंत्री श्री ब्रजेंद्र सिंह यादव, जिलाध्यक्ष श्री अशोक नायक सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे।