छतरपुर, 27/10/2023। वर्ष 2018 में कांग्रेस की सरकार बनी थी तो कमलनाथ ने गरीब बुजुर्गों के लिए शुरू की गई मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना बंद कर दी। कमलनाथ ने प्रसूता बहनों को लड्डू देने वाली योजना तक बंद कर दी। हमारे भांजे-भांजियों की साइकिल योजना भी बंद कर दी थी। बहनों की आंखों में आंसू न रहे, इसलिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना बनाकर प्रदेश की एक करोड़ 31 लाख से अधिक बहनों को प्रतिमाह 1250 रूपए प्रतिमाह दे रहे हैं। यह योजना तभी तक है, जब तक मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार है। अगर कांग्रेस की सरकार बन गई तो लाड़ली बहना योजना भी बंद हो जाएगी, क्योंकि कांग्रेस सरकार सबसे पहले गरीब कल्याण की योजनाएं ही बंद करती है। पिछले चुनाव में राजनगर से भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटेरिया 600-700 वोटों से हार गए थे। अगर यहां से भाजपा प्रत्याशी जीत जाते तो 2018 में सरकार का परिदृश्य अलग होता। भाजपा की डबल इंजन सरकार ने बुन्देलखण्ड क्षेत्र का समग्र विकास किया है। विकास का यह क्रम निरंतर जारी रहे। इसके लिए पार्टी प्रत्याशी श्री अरविन्द पटेरिया को जिताएं। यह बात मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने छतरपुर जिले की राजनगर विधानसभा से पार्टी प्रत्याशी श्री अरविंद पटेरिया के समर्थन में खजुराहो में सभा को संबोधित करते हुए कही। पार्टी प्रत्याशी श्री अरविन्द पटेरिया ने सभा को संबोधित करते हुए जनता से भाजपा को जिताने की अपील की।
*पटेरिया हार कर भी जनता की सेवा में लगे रहे, रिकार्ड मतों से जिताएं-शिवराज सिंह चौहान*
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वे हार कर भी क्षेत्र में सक्रिय रहे, जनता की सेवा करते रहे। मैं 2018 में चुनाव परिणाम के दिन जिन सीटों पर नजर रखे हुए था, उनमें राजनगर सीट भी थी। मैं कह रहा था कि अरविंद पटेरिया चुनाव जीते तो प्रदेश में भाजपा की सरकार बन जाएगी, लेकिन 600-700 वोटों से पार्टी की हार हुई। अगर 2018 के विधानसभा चुनाव में राजनगर से भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटेरिया चुनाव जीत जाते तो सरकार का परिदृश्य अलग होता, लेकिन इस बार भाजपा को यहां से रिकार्ड मतों से जिताएं। इस क्षेत्र का श्री विष्णुदत्त शर्मा ने पूरा विकास किया है, भाजपा का विधायक बनने के बाद क्षेत्र के विकास में और चार चांद लग जाएंगे।
*कांग्रेस कभी जनता का भला नहीं कर सकती*
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने कभी जनता का भला नहीं किया है। गरीब कल्याण की योजनाओं को बंद करने वाली कांग्रेस कभी गरीबों का भला नहीं कर सकती। प्रदेश में अगर कांग्रेस की सरकार बनी तो प्रदेश के सारे विकास कार्य अवरूद्ध हो जाएंगे। मैं बहनों की आंखों में आंसू नहीं देख सकता, इसके लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना बनाई है। अभी 1250 रूपए प्रतिमाह बहनों के खाते में भेज रहा हूं। आगे इसे बढ़ाकर तीन हजार तक ले जाऊंगा।
*भाजपा ने किया बुंदेलखंड का विकास, डबल इंजन सरकार को आशीर्वाद दें-विष्णुदत्त शर्मा*
जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि देव तुल्य भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत का ही परिणाम है कि खजुराहो, नगर परिषद, नगर पालिका, जिले की जनपद, जिला पंचायत से लेकर सांसद तक भारतीय जनता पार्टी का है। इस चुनाव में राजनगर विधानसभा सीट पर भाजपा को जिताकर इतिहास कायम करें। प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की डबल इंजन की सरकार ने ही बुंदेलखंड क्षेत्र का विकास किया है। भाजपा सरकार ने बुंदेलखंड को दुरावस्था से निकालकर विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी जी ने 44 हजार करोड़ की केन-बेतवा लिंक परियोजना की सौगात देकर बुंदेलखंड क्षेत्र की जनता का भाग्य बदलने का कार्य किया है। खजुराहो विश्व पटल पर पहले से था, लेकिन प्रधानमंत्री जी के मन में जिस तरह से मध्यप्रदेश बसा है, उसी प्रकार खजुराहो भी बसा है। मोदी जी ने ही खजुराहो को आईकोनिक सिटी बनाने का कार्य किया है। उन्होंने जी-20 की बैठक खजुराहो में कराकर उसे विश्व पटल पर लाने का कार्य किया है।
*भाजपा सरकार के विकास कार्य जनता को बताएं*
प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि 2003 से पहले बुंदेलखंड क्षेत्र नहीं पूरा मध्यप्रदेश सड़क, बिजली और पानी जैसे मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान था। भाजपा सरकार ने ही मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य से निकालकर विकसित राज्य बनाया है। भाजपा की डबल इंजन की सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों को जनता को बताएं और भाजपा की सरकार बनाने के लिए राजनगर प्रत्याशी श्री अरविंद पटेरिया को रिकार्ड मतों से जिताएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार बनाना है, ऐतिहासिक बहुमत की सरकार बनाने के लिए जनता का आशीर्वाद चाहिए।
इस अवसर पर किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राजकुमार चहार, पूर्व मंत्री श्री रामकृष्ण कुसमारिया, जिलाध्यक्ष श्री मलखान सिंह, प्रदेश मंत्री श्री प्रभुदयाल पटेल, पूर्व विधायक श्री विजय बहादुर सिंह, श्री उमेश शुक्ला, उत्तर प्रदेश के विधायक श्री विनोद कटियार, वरिष्ठ नेता श्री करूणेन्द्र प्रताप सिंह सहित जिला पदाधिकारी, मंडल कार्यकर्ता बडी संख्या में क्षेत्रीय जनता मौजूद थी।
(आशीष अग्रवाल)
प्रदेश मीडिया प्रभारी