करंट से महिला की मौत पर भड़के परिजनों ने हाइवे में लगाया जाम

PRIYANKA SINGH reporter

रीवा। करंट की चपेट में आकर महिला की मौत से शुक्रवार की सुबह बवाल मच गया। गुस्साए लोगों ने शव को सड़क में रखकर जाम लगा दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाईश देकर जाम खुलवाया गया। घटना लौर थाने के घोरहा गांव की है।

राशन लेने जा रही थी महिला
कलावती यादव पति इंद्रमणि (४५) निवासी घोरहा गुरुवार की सांयकाल राशन लेने दुकान जा रही थी। वहीं विद्युत तार काफी नीचे था जो कटा हुआ था, तार महिला को छू गया और महिला करंट की चपेट में आ गई। घटना से हड़कंप मच गया। जैसे ही स्थानीय लोगों को जानकारी हुुई तो उन्होंने महिला को करंट से मुक्त कराया। उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया जहां उनकी मौत हो गई। शुक्रवार की सुबह पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया।

पोस्टमार्टम के बाद शव लाकर लगाया जाम
मऊगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र से शव लेकर आए परिजनों ने उसे हाइवे में रखकर जाम लगा दिया। जाम लगने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने परिजनों को समझाईश देकर शांत करवाने का प्रयास किया लेकिन वे कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए थे। पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया जिसके बाद परिजन जाम खोलने को राजी हो गए। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

सड़क के काफी नीचे थी विद्युत लाइन
गुरुवार की सांयकाल महिला हादसे का शिकार हुई थी। वह घर से राशन लेने दुकान जा रही थी। रास्ते में एक व्यक्ति के घर की विद्युत लाइन काफी नीचे थी। जैसे ही महिला उसके नीचे निकली तो करंट की चपेट में आ गई। वहां पर बिजली का तार कटा हुआ था। जब तक परिजन महिला को करंट से मुक्त करवा पाते तब तक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। इसके लिए परिजन बिजली विभाग को दोषी मान रहे हैं।

About डीजी न्यूज़ मध्य प्रदेश

View all posts by डीजी न्यूज़ मध्य प्रदेश →

Leave a Reply