खराब सड़क से बाइक पानी से भरी खाई में गिरी, डूबने से 2 युवकों की मौत

कृष्ण पाल सिंह राजपूत विशेष संवाददाता DG न्यूज़

गैरतगंज। शुक्रवार-शनिवार की रात में खराब सड़क के चलते एक बाइक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। खाई में भरे पानी में डूबने से दो युवकों की मौत हो गई। यह हादसा गढ़ी-अहमदपुर मार्ग पर बाढ़ेर से रांझड़ी के बीच हुआ है। हादसे के बाद रात भर घायल हालत में दोनों युवक खाई के पानी में पड़े रहे। शनिवार सुबह जब लोग वहां से निकले तो उन्हें खाई में मृत देखकर पुलिस को सूचना दी गई।

जानकारी मिलने पर देवनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने खंती के पानी में पड़े दोनों बाइक सवारों के शव को बाहर निकाला। मृतकों की पहचान गोविंद पुत्र राजकुमार 25 वर्ष एवं विजय सिंह पुत्र लालाराम 45 वर्ष निवासी मनकापुर गढ़ी के रूप में हुई है। अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि दोनों युवक अपनी बाइक से किसी काम से डंगरबाड़ा विदिशा गए थे। देर रात वे वहां से वापस लौट रहे थे। आते समय विदिशा मार्ग पर खराब सड़क के कारण उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बाइक समेत खंती में जा गिरे। बताया गया है कि जिस खंती में दोनों युवक गिरे थे, वह दलदलनुमा बड़ा नाला है। उसमें गिरने से दोनों गंभीर रूप से घायल होकर खंती में फंस गए। रात भर वे पानी में ही पड़े रहे, जिससे उनकी मौत हो गई।

खराब सड़क से आए दिन हो रहे हैं हादसे
गैरतगंज को विदिशा से जोड़ने वाली गढ़ी-अहमदपुर की यह सड़क लंबे समय से खराब है। गढ़ी से लेकर अहमदपुर तक सड़क में अनगिनत गड्ढे हो गए हैं। कई स्थान पर तो यह दो से तीन फीट गहरे और 7 से 8 फीट तक लंबे हो गए हैं। खराब सड़क के कारण ही रात में इन युवकों की बाइक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। इससे पहले भी इस सड़क पर कई हादसे हो चुके हैं।

डंगरबाड़ा जाने का कहकर गया था विजय
दोनों मृतक पेशे से मजदूर एवं गरीब परिवारों से हैं। इस घटना से उनके परिवार में मातम का माहौल है। मृतक विजय के घर में उसकी पत्नी, 3 लड़की एवं 1 लड़का है। वहीं मृतक राजकुमार के घर में उसकी पत्नी के अलावा तीन साल बालिका भी है। मृतक विजय के परिजन बलवीर ने रोते हुए बताया कि दोनों ही लोग जल्द ही वापस लौटने का कहकर डंगरबाड़ा गए थे। सुबह यह दुखभरी सूचना मिली।

,

About कृष्णपाल सिंह राजपूत रायसेन

View all posts by कृष्णपाल सिंह राजपूत रायसेन →

Leave a Reply