*मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत झाबुआ जिले में लंबित प्रकरणों के निराकरण में उल्लेखनीय प्रगति*
*कलेक्टर डॉ. भरसट के निर्देशन में सीएम हेल्पलाइन की 816 शिकायतों एवं लोक सेवा गारंटी के 8,817 लंबित आवेदनों में आई कमी*
*लोक सेवा गारंटी के लंबित आवेदनों में 85.6 प्रतिशत कमी के साथ प्रदेश में चौथा स्थान*
*पिछले सप्ताह राणापुर विकासखंड में 97.4 प्रतिशत लंबित आवेदनों की कमी के साथ प्रदेश में दूसरा स्थान, समयसीमा बाह्य प्रकरणों में शत-प्रतिशत निराकरण*
रणवीर सिंह सिसोदिया जिला ब्यूरो दिव्य गौरव समाचार
झाबुआ, मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशन में जिले में आमजन की शिकायतों एवं लंबित आवेदनों के त्वरित, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। अभियान के तहत विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा एवं प्रभावी मॉनिटरिंग के परिणामस्वरूप सीएम हेल्पलाइन तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। विभिन्न श्रेणियों में झाबुआ जिले ने प्रदेश स्तर पर भी स्थान प्राप्त किया है।
*सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों में 28.3 प्रतिशत की कमी, प्रदेश में चौथा स्थान*
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जिले में सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की संख्या में कुल 816 लंबित शिकायतों की कमी दर्ज की गई है, जो 28.3 प्रतिशत है। लंबित शिकायतों में कमी के आधार पर झाबुआ जिले ने प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त किया है।
*लोक सेवा गारंटी के लंबित आवेदनों में 85.6 प्रतिशत की कमी, प्रदेश में चौथा स्थान*
लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत जिले में 01 अगस्त 2026 की स्थिति में कुल 10,299 आवेदन लंबित थे, जिनकी संख्या 09 नवम्बर 2026 को घटकर मात्र 1,482 रह गई है। इस प्रकार कुल 8,817 लंबित आवेदनों की कमी दर्ज की गई है, जो 85.6 प्रतिशत है। इस उपलब्धि के साथ झाबुआ जिले ने प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त किया है।
*पिछले सप्ताह राणापुर विकासखंड में 4,935 लंबित आवेदनों की कमी, प्रदेश में दूसरा स्थान*
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत पिछले सप्ताह राणापुर विकासखंड में लंबित आवेदनों के निराकरण में उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त हुई है। लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत 01 नवम्बर 2026 की स्थिति में राणापुर विकासखंड में कुल 5,069 आवेदन लंबित थे, जो 09 नवम्बर 2026 को घटकर मात्र 134 रह गए। इस प्रकार लंबित आवेदनों की संख्या में 4,935 अर्थात 97.4 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। इस श्रेणी में राणापुर विकासखंड ने प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
*समयसीमा बाह्य लंबित आवेदनों में 100 प्रतिशत कमी, प्रदेश में प्रथम स्थान*
इसी प्रकार राणापुर विकासखंड में समयसीमा बाह्य लंबित आवेदनों की संख्या 01 नवम्बर 2026 को 9 थी। अभियान के अंतर्गत इन सभी 9 प्रकरणों का निराकरण कर 09 नवम्बर 2026 की स्थिति में समयसीमा बाह्य लंबित आवेदनों की संख्या शून्य कर दी गई। इस प्रकार समयसीमा बाह्य लंबित आवेदनों में 100 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। इस श्रेणी में राणापुर विकासखंड प्रदेश में संयुक्त रूप से प्रथम स्थान पर रहा।
कलेक्टर डॉ. भरसट ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान तथा शासन की सेवाओं का लाभ निर्धारित समयसीमा में उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को शेष लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर उनका शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply