राजबाड़ा चौक पर शाम 6 बजे होगा मॉकड्रिल का आयोजन*

नागरिकों से सहयोग करने एवं अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील
रणवीर सिंह सिसोदिया जिला ब्यूरो दिव्य गौरव समाचार
झाबुआ,   सचिव, गृह विभाग एवं समन्वयक, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशानुसार आपातकालीन परिस्थितियों एवं हवाई हमले के दौरान नागरिकों की सुरक्षा तथा बचाव के उपायों के प्रति जनजागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से 27 नवम्बर 2026 को शाम 6 बजे नगरपालिका क्षेत्र झाबुआ में सिविल डिफेंस के अंतर्गत हवाई हमले एवं ब्लैक आउट मॉकड्रिल का आयोजन किया जाएगा। मॉकड्रिल का आयोजन राजबाड़ा चौक, झाबुआ में किया जाएगा।

कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट द्वारा मॉकड्रिल के सफल आयोजन हेतु संबंधित नोडल अधिकारियों, विभागों एवं एजेंसियों को विभिन्न दायित्व सौंपे गए हैं। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता एवं तत्परता से निर्वहन करने तथा आपसी समन्वय से मॉकड्रिल का सफल आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

मॉकड्रिल के दौरान प्रथम अलर्ट सायरन बजने पर नागरिक अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों की सभी लाइटें पूर्णतः बंद कर सुरक्षित स्थान पर रहने का अभ्यास करें। द्वितीय सायरन बजने के उपरांत पुनः सामान्य स्थिति बहाल कर लें।

मॉकड्रिल के दौरान प्रथम सायरन तेज एवं धीमी ध्वनि के साथ शाम 6 बजे तथा द्वितीय सायरन एक समान ध्वनि के साथ शाम 7 बजे बजाया जाएगा।

जिला प्रशासन द्वारा समस्त नागरिकों से अपील की गई है कि मॉकड्रिल के दौरान घबराएं नहीं, किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें। यह आयोजन केवल पूर्वाभ्यास है, जिसका उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में स्वयं को सुरक्षित रखने के उपायों के प्रति आमजन को जागरूक एवं प्रशिक्षित करना है।

Leave a Reply

Designed with WordPress