*मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह/निकाह सम्मेलन 13 दिसंबर को आयोजित होगा।*
उज्जैन संवाददाता दैनिक दिव्य गौरव राजमल राज कछवाय
महिदपुर। नगर पालिका परिषद् महिदपुर द्वारा मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के अंतर्गत दिनांक 13 दिसंबर 2026, रविवार को सामूहिक विवाह/निकाह सम्मेलन आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। उक्त सम्मेलन हेतु पात्र वर-वधुओं के पंजीयन की प्रक्रिया नगर पालिका कार्यालय महिदपुर में प्रारंभ कर दी गई है। इच्छुक पात्र परिवार 27 नवम्बर 2026 तक अपने आवेदन बीपीएल राशनकार्ड, कन्या के मूलनिवासी प्रमाण पत्र के साथ नगर पालिका कार्यालय में जमा कर सकते हैं। नियमानुसार विवाह तिथि को वर 21 वर्ष एवं कन्या 18 वर्ष की आयु पूर्ण होना अनिवार्य है।
मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री राजा यादव ने चर्चा में बताया कि शासन के निर्देशानुसार योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह/निकाह सम्मेलन में विवाह करने वाली प्रत्येक पात्र वधु को ₹49,000/- (उनचास हजार रुपये) की राशि नगद प्रदान की जाएगी। सम्मेलन के आयोजन हेतु न्यूनतम 11 पात्र जोड़ों के आवेदन प्राप्त होना आवश्यक है। अतः समस्त नागरिकों से अपील है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में योजना का प्रचार-प्रसार करें तथा पात्र कन्याओं एवं परिवारों को पंजीयन हेतु प्रेरित कर शासन की जनकल्याणकारी योजना का लाभ दिलाने में सहयोग प्रदान करें।
पंजीयन एवं अधिक जानकारी हेतु कार्यालय में सुश्री कविता भीमावद, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।
Leave a Reply