बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण और पोषण सेवाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें- कलेक्टर श्री सिसोनिया
बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर सख्त हुए कलेक्टर, सीडीपीओ तथा बीएमओ पर कार्रवाई के निर्देश
कलेक्टर श्री सिसोनिया की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पोषण समिति एवं जिला स्वास्थ्य समिति की संयुक्त बैठक सम्पन्न
रायसेन, 25 नवम्बर 2026
कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग की जिला स्तरीय पोषण समिति एवं जिला स्वास्थ्य समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण, कुपोषण की पहचान एवं प्रबंधन, पोषण सेवाओं, एनआरसी की व्यवस्थाओं, टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच तथा विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान विभागीय कार्यों में लापरवाही और निर्धारित दायित्वों का समुचित निर्वहन नहीं करने पर कलेक्टर श्री सिसोनिया ने सख्त नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री सिसोनिया ने ‘कुपोषण पर प्रहार’ अभियान के तहत गंभीर एवं मध्यम गंभीर कुपोषित (सेम-मेम) बच्चों की विकासखंडवार स्क्रीनिंग, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और पोषण स्तर में सुधार की जानकारी ली। उन्होंने सभी सीडीपीओ को निर्देश दिए कि बच्चों की पहचान से लेकर उनके उपचार और पोषण प्रबंधन तक प्रत्येक स्तर पर गंभीरता से कार्य किया जाए। छह माह से कम आयु के बच्चों की भूख की जांच की प्रक्रिया की सही जानकारी नहीं दे पाने पर सीडीपीओ बरेली को नोटिस जारी करने तथा जांच रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड नहीं करने पर सीडीपीओ औबेदुल्लागंज को नोटिस देने के निर्देश दिए। वहीं, कार्यों में गंभीरता नहीं बरतने पर सीडीपीओ सांची का वेतन काटने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिसोनिया ने सीडीपीओ एवं सुपरवाइजर की कार्यप्रणाली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी अपने मूल दायित्वों और विभागीय प्रक्रियाओं की पूरी जानकारी रखें। सभी सीडीपीओ एवं सुपरवाइजर जांच के निर्धारित मापदण्डों और विभागीय निर्देशों का भली-भांति अध्ययन करें। उन्होंने प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र में विभागीय चौट बॉक्स, आवश्यक पैरामीटर एवं संबंधित जानकारियां प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में जरूरी दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा सीएमएचओ, डीपीओ और सीडीपीओ को नियमित निरीक्षण कर दवाओं के स्टॉक की जांच करने के लिए कहा।
एनआरसी में भर्ती बच्चों की जानकारी रखें अधिकारी
कलेक्टर श्री सिसोनिया ने पोषण पुनर्वास केन्द्रों (एनआरसी) में भर्ती बच्चों की संख्या, उनके नाम एवं उपचार की स्थिति की जानकारी ली। संबंधित सीडीपीओ द्वारा संतोषजनक जानकारी नहीं दे पाने पर उन्होंने कहा कि केवल फोन पर जानकारी लेना पर्याप्त नहीं है। सभी सीडीपीओ नियमित रूप से फील्ड भ्रमण करें और एनआरसी का निरीक्षण कर वहां भर्ती प्रत्येक बच्चे के स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी रखें। उन्होंने भूख की जांच में निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले बच्चों के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर उपचार एवं पोषण प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सांझा चूल्हा योजना के हितग्राहियों, पोषण ट्रैकर में दर्ज बच्चों तथा टेक होम राशन (टीएचआर) से लाभान्वित हितग्राहियों की भी समीक्षा की। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सेक्टर स्तरीय बैठकों में सभी सीडीपीओ की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। सीडीपीओ एवं सीएमएचओ संयुक्त रूप से इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। बिना उचित कारण अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
आदिवासी क्षेत्रों में शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री सिसोनिया ने कुपोषित बच्चों के संस्थागत प्रबंधन की जानकारी लेते हुए सभी एनआरसी में उपलब्ध बेड का उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से आदिवासी क्षेत्रों में शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने के लिए कार्ययोजना तैयार करने तथा दिसंबर माह के प्रथम सप्ताह में विशेष टीकाकरण अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। अभियान के दौरान छूटे हुए बच्चों की पहचान कर उनका टीकाकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में शिशु मृत्यु दर (सीडीआर), गर्भवती महिलाओं के एएनसी पंजीयन, चार एएनसी चेकअप, हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान एवं प्रबंधन, संभावित प्रसव तिथि (ईडीडी) तथा उपचार की विकासखंडवार समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री सिसोनिया ने निर्देश दिए कि गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान एवं नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित हो तथा हाई रिस्क मामलों में विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने गंभीर एनीमिया प्रबंधन में लापरवाही पर बीएमओ उदयपुरा को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार टीबी मुक्त भारत अभियान की भी समीक्षा की गई। गैरतगंज विकासखंड में अभियान के तहत अपेक्षित कार्य नहीं होने पर बीएमओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके अलावा एड्स के मरीजों की पहचान के लिए आवश्यक स्क्रीनिंग गतिविधियां संचालित करने को कहा।
कलेक्टर श्री सिसोनिया ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य और पोषण सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वाेच्च प्राथमिकता हो। इसके लिए सभी विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए मैदानी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी, सीएमएचओ डॉ. दिनेश खत्री, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री बृजेश जैन सहित बीएमओ, सीडीपीओ एवं सुपरवाइजर उपस्थित रहे।

Leave a Reply