नेताओं की छवि धूमिल करने के प्रयासों पर राधेश्याम झारिया के विरुद्ध कार्रवाई की मांग

नगर पालिका अध्यक्ष ने लिखा मुख्यमंत्री सहित मानव अधिकार आयोग, कलेक्टर,पुलिस अधीक्षक को पत्र

दीपक सराठे -दैनिक दिव्य गौरव न्यूज

गोटेगांव। नगर पालिका परिषद गोटेगांव की अध्यक्ष श्रीमती पूनम जितेन्द्र ठाकुर ने राधेश्याम झारिया की कथित गतिविधियों को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन को शिकायत पत्र भेजा है। पत्र में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि राधेश्याम झारिया निजी स्वार्थों की पूर्ति के लिए समाज के एक वर्ग विशेष को उकसाकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। साथ ही बिना शासन की अनुमति सभाओं का आयोजन कर राजनीतिक वातावरण को प्रभावित करने तथा भाजपा के वरिष्ठ एवं लोकप्रिय नेताओं की स्वच्छ राजनीतिक छवि को व्यक्तिगत आरोपों और भ्रामक प्रचार के माध्यम से धूमिल करने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।

पत्र में विशेष रूप से प्रदेश के कैबिनेट मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल एवं पूर्व राज्य मंत्री श्री जालम सिंह पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की छवि को नुकसान पहुंचाने के कथित प्रयासों पर आपत्ति जताई गई है। अध्यक्ष ने कहा है कि जनसेवा और जनहित में कार्य करने वाले नेताओं को व्यक्तिगत स्वार्थों के चलते बदनाम करने की कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी।

नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पूनम जितेन्द्र ठाकुर ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा राधेश्याम झारिया के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाए। साथ ही सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने वाली गतिविधियों और विवादित सभाओं पर तत्काल रोक लगाने के लिए प्रशासन को निर्देशित किया जाए।

नगर पलिका अध्यक्ष ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहाँ है कि जिले की शांति, सामाजिक समरसता और जनप्रतिनिधियों की गरिमा से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Designed with WordPress