झाबुआ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: उमंग, नोवा, श्रीलाभ, श्री कुबेर और वतुला ब्रांड के घी के नमूने जांच में असुरक्षित घोषित, संपूर्ण जिले में बिक्री पर प्रतिबंध
रणवीर सिंह सिसोदिया जिला ब्यूरो दिव्य गौरव समाचार
झाबुआ, खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत जिला झाबुआ में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के दृष्टिगत बड़ी कार्रवाई की गई है। जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से जांच हेतु लिए गए घी के नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट में पांच ब्रांड के घी असुरक्षित पाए गए हैं। इनमें उमंग, नोवा, श्रीलाभ, श्री कुबेर एवं वतुला ब्रांड के घी शामिल हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर अभिहित अधिकारी द्वारा इन उत्पादों के संबंधित बैच के विक्रय पर संपूर्ण झाबुआ जिले में तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा लिए गए नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल के माध्यम से FSSAI द्वारा अधिसूचित प्रयोगशालाओं में जांच हेतु भेजा गया था। जांच में उमंग दानेदार प्योर घी एवं नोवा शुद्ध घी के नमूनों में लेड (सीसा) निर्धारित मानकों के विपरीत पाया गया। वहीं, श्रीलाभ काऊ प्योर घी, श्री कुबेर काऊ घी एवं वतुला काऊ घी के नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक विनियम, 2011 के विनियम 2.1.8 के अंतर्गत निर्धारित डेयरी उत्पाद एवं दुग्ध वसा के मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। इस आधार पर सभी पांचों नमूनों को असुरक्षित खाद्य घोषित किया गया है।
इन उत्पादों के संबंधित बैच पर लगाया प्रतिबंध
उमंग दानेदार प्योर घी (180 एमएल): बैच नंबर U608426A, निर्माण दिनांक 08.07.2026, उपयोग की अंतिम तिथि 07.07.2027। नमूना मांडोत किराना स्टोर्स, रतलाम रोड, बामनिया, पेटलावद से लिया गया था। इसमें लेड निर्धारित मानकों के विपरीत पाया गया।
नोवा शुद्ध घी (160 एमएल): बैच नंबर MP239, पैकिंग दिनांक 22.02.2026, उपयोग की अंतिम तिथि 21.11.2026। नमूना रतनलाल मूलचंद, बामनिया रोड, पेटलावद से लिया गया था। इसमें भी लेड निर्धारित मानकों के विपरीत पाया गया।
श्रीलाभ काऊ प्योर घी (1 लीटर): बैच नंबर JRO6026, निर्माण माह जून 2026, एक्सपायरी फरवरी 2027। नमूना संजय कुमार राजेंद्र कुमार, ढोली मोहल्ला, थांदला से लिया गया था। डेयरी उत्पाद के निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर असुरक्षित घोषित किया गया।
श्री कुबेर काऊ घी (200 एमएल): बैच नंबर JRO8026, निर्माण माह अगस्त 2026, एक्सपायरी अप्रैल 2027। नमूना संजय कुमार राजेंद्र कुमार, ढोली मोहल्ला, थांदला से लिया गया था। निर्धारित डेयरी उत्पाद मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर असुरक्षित घोषित किया गया।
वतुला काऊ घी (500 एमएल): बैच नंबर 143(654)06A, पैकिंग माह जून 2026, एक्सपायरी मार्च 2027। नमूना प्रवीण कुमार शांतिलाल, एम.जी. रोड, पिपली चौराहा, थांदला से लिया गया था। निर्धारित डेयरी उत्पाद मानकों के विपरीत पाए जाने पर असुरक्षित घोषित किया गया।
अभिहित अधिकारी ने जारी किए प्रतिबंध के आदेश
FSSAI के निर्देशों एवं खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत डॉ. मुन्नालाल चोपड़ा, अभिहित अधिकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, जिला झाबुआ द्वारा धारा 36(3)(ख)/36(3)(इ) सहपठित धारा 18(1)(च)/18(1)(ह) में प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए उक्त पांचों ब्रांड के संबंधित बैच के घी को संपूर्ण झाबुआ जिले में विक्रय हेतु प्रतिबंधित किया गया है।
खाद्य कारोबारियों को निर्देश
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले के समस्त खाद्य कारोबारियों को निर्देशित किया गया है कि वे उक्त प्रतिबंधित उत्पादों के संबंधित बैच का किसी भी स्थिति में भंडारण एवं विक्रय नहीं करें। यदि कोई खाद्य कारोबारी प्रतिबंधित उत्पादों का विक्रय या भंडारण करते हुए पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम नागरिकों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने की अपील की है।
Leave a Reply