प्राकृतिक खेती बनी आर्थिक समृद्धि की नई राह, कम लागत में टमाटर उत्पादन से कमाए एक लाख रुपये
संवाददाता गोविन्द दुबे उदयपुरा
रायसेन,
जिले के किसान अब प्राकृतिक खेती को अपनाकर कम लागत में बेहतर उत्पादन और अच्छी आय अर्जित कर रहे हैं। ऐसी ही प्रेरणादायक सफलता की कहानी विकासखंड गैरतगंज के ग्राम अगरियाकलां निवासी किसान श्री लालजी रजक की है। श्री रजक पिता श्री ख्यालीराम रजक ने अपनी तीन बीघा भूमि पर प्राकृतिक तरीके से सब्जियों की खेती शुरू कर कम लागत में बेहतर उत्पादन और आर्थिक लाभ का उदाहरण प्रस्तुत किया है।
श्री लालजी रजक ने पारंपरिक खेती के साथ प्राकृतिक कृषि पद्धतियों को अपनाते हुए जीवामृत और बीजामृत जैसी प्राकृतिक दवाओं का उपयोग शुरू किया। वे इन प्राकृतिक उत्पादों को स्वयं घर पर ही तैयार करते हैं। इससे उन्हें बाजार से महंगे उत्पाद खरीदने की आवश्यकता नहीं पड़ती और खेती की लागत में भी काफी कमी आई है। इसका परिणाम यह रहा कि टमाटर की खेती में उन्हें मात्र 4 से 5 हजार रुपये का खर्च आया, जबकि उत्पादित टमाटर से लगभग एक लाख रुपये की उपज प्राप्त हुई।
किसान श्री रजक ने खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों को भी अपनाया है। उन्होंने खेत में प्लास्टिक मल्च का उपयोग कर खरपतवार नियंत्रण किया, जिससे मिट्टी की नमी बनी रहती है और फसलों की वृद्धि में भी सुधार होता है। इसके साथ ही ड्रिप सिंचाई पद्धति अपनाकर पानी की बचत करते हुए फसलों को आवश्यकतानुसार सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराई है।
श्री लाल जी रजक वर्तमान में आत्मा परियोजना से जुड़े हुए हैं और स्वयं प्राकृतिक खेती से लाभ प्राप्त करने के साथ ही अन्य किसानों को भी इसके लिए प्रेरित एवं जागरूक कर रहे हैं। उनका मानना है कि किसान यदि प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर उपयोग करें और खेती में नई तकनीकों को अपनाएं तो कम लागत में गुणवत्तापूर्ण उत्पादन प्राप्त कर अपनी आय बढ़ा सकते हैं। श्री लाल जी रजक की सफलता यह संदेश देती है कि प्राकृतिक खेती केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम ही नहीं, बल्कि किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने का प्रभावी विकल्प भी है। उनका प्रयास जिले के अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्रोत है और यह साबित करता है कि सही तकनीक, मेहनत और नवाचार से खेती को लाभ का व्यवसाय बनाया जा सकता है।

Leave a Reply