मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए शहडोल जिले में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक का अभिनव उपयोग किया जा रहा है। उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान और त्वरित उपचार सुनिश्चित करने के लिए एआई आधारित कॉलिंग सॉफ्टवेयर ‘मातृ साथी’ प्रारंभ किया गया है। इस नवाचार से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ ही गर्भवती महिलाओं को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है।
शहडोल जिले में एआई आधारित ‘मातृ साथी’ का क्रियान्वयन सराहनीय पहल: उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल
उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि मातृ एवं शिशु मृत्यु में कमी लाना तथा प्रत्येक गर्भवती महिला को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, प्रभावी एवं परिणामोन्मुखी बनाने के लिए आधुनिक तकनीक और नवाचारों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। शहडोल जिले में एआई आधारित ‘मातृ साथी’ का क्रियान्वयन इस दिशा में सराहनीय पहल है। उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं का समय पर चिन्हांकन, नियमित निगरानी, आवश्यकतानुसार रेफरल एवं समुचित उपचार सुनिश्चित कर मातृ एवं शिशु मृत्यु में और कमी लाई जा सकती है। तकनीक के प्रभावी उपयोग और स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले के समन्वित प्रयासों से सुरक्षित मातृत्व एवं स्वस्थ बचपन के लक्ष्य को प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। नवम्बर 2026 से प्रारंभ इस पहल के उत्साहजनक परिणाम सामने आए हैं। महज 17 दिनों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के 978 प्रकरण चिन्हित किए गए हैं, जिनमें से लगभग 90 प्रतिशत प्रकरणों का आवश्यक उपचार एवं प्रबंधन के उपरांत निराकरण किया जा चुका है।
Leave a Reply