मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बुधवार (18 नवम्बर) को राज्य मंत्रि-परिषद् की बैठक मंदसौर जिले के गांधीसागर बांध स्थल में होने जा रही है। गांधीसागर में हो रही यह कैबिनेट बैठक हमारी अबतक भोपाल के बाहर हुईं सभी डेस्टिनेशन
कैबिनेट बैठकों में सबसे अलग और प्रभावी कदम है। इससे गांधीसागर को बहुउद्देशीय कारणों से विशिष्ट पहचान मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में डेस्टिनेशन कैबिनेट कर वहां की विरासतों, भौगोलिक विशेषताओं और क्षमताओं को सामने लाने का प्रयास किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मंगलवार को वे नीमच जिले की मनासा विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों की सौगात भी देंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास में (गांधीसागर में होने वाली डेस्टिनेशन कैबिनेट के लिए रवाना होने से पहले) मीडिया से चर्चा में यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बिजली उत्पादन के क्षेत्र में हाइड्रो पावर प्लांट और पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज एक नई तकनीक है। गांधीसागर में निर्मित पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना की कुल लागत 11 हजार 474 करोड़ रुपए है। इसके प्रारंभ होने के बाद प्रदेश में बिजली की मांग के पीक ऑवर्स में पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज से 2 हज़ार मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा और मांग के अनुरूप तुरंत बिजली आपूर्ति की जा सकेगी। इससे प्रदेश में चौबीसों घंटे बिजली की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता सुनिश्चित होगी और इस तरह से उत्पादित बिजली का मूल्य भी सामान्य से लगभग आधा होगा। यह पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना सिर्फ देश का ही नहीं, पूरे एशिया महाद्वीप में अपनी तरह का पहला प्रोजेक्ट है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना मध्यप्रदेश के लिए बिजली उत्पादन के मामले में एक बहुत लंबी छलांग है। इस परियोजना के लोकार्पण के बाद यहां स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों और शोधार्थियों को भी भ्रमण के लिए लाया जाएगा, ताकि वे यह सीख सकें कि बिजली इस तरह से ही उत्पादित की जाती है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी लगातार नवाचार और जनकल्याण कार्यों को बढ़ावा देते हैं। ऐसे में पानी से बिजली बनाने का यह प्रोजेक्ट विज्ञान में रुचि रखने वालों के लिए किसी तीर्थ से कम नहीं होगा। मध्यप्रदेश प्राकृतिक संसाधनों और पर्यटन संभावनाओं का अद्भुत केंद्र है। उन्होंने कहा कि गांधीसागर अभ्यारण्य में चीता पुर्नवास प्रोजेक्ट भी सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहा है। यहां हजारों-लाखों वर्ष पुरानी चट्ठानों एवं शिलाओं पर पुराऐतिहासिक शिलालेख और शैलचित्र भी देखने को मिलते हैं। गांधीसागर क्षेत्र जनजातीय संस्कृति, प्राचीन पुरातात्विक विरासत, जलराशि और पर्यटन का प्रमुख केंद्र है। मध्यप्रदेश के पश्चिमी हिस्से में राजस्थान की सीमा से लगे गांधीसागर बांध में केज़ कल्चर तकनीक के जरिए बड़ी संख्या में मछुआरे समुदाय के भाई-बहन भी अपनी आजीविका से आय अर्जन कर लाभान्वित हो रहे हैं।
Leave a Reply