खिलाड़ियों और नगरवासियों में खुशी की लहर, नगर सीमा से 2 किलोमीटर दूर उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास शुरू
टिमरनी में वर्षों से खेल मैदान की मांग कर रहे खिलाड़ियों और नगरवासियों के प्रयास अब रंग लाने लगे हैं। लंबे समय से आवेदन, निवेदन और ज्ञापन के माध्यम से खेल मैदान उपलब्ध कराने की मांग की जा रही थी, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया था।
शहर के बीचों-बीच स्थित राधास्वामी की 3.47 एकड़ जमीन का मामला हाई कोर्ट में लंबित होने के कारण खिलाड़ियों को मैदान मिलने की उम्मीद धूमिल होती नजर आ रही थी। ऐसे में खिलाड़ियों और नगरवासियों ने मिलकर प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित करने के लिए प्रत्येक मंगलवार जनसुनवाई में पैदल पहुंचकर अपनी मांग रखने का निर्णय लिया।
इस पहल के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। प्रशासन ने आश्वासन दिया था कि खेल मैदान की समस्या का शीघ्र समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। इसी दिशा में प्रशासन ने सहयोग करते हुए टिमरनी नगर सीमा से लगभग 2 किलोमीटर की दूरी पर उपयुक्त एवं पर्याप्त भूमि उपलब्ध कराने की पहल की है।
इस संबंध में एसडीएम महोदय ने खेल विभाग को निर्देशित किया है कि प्रस्तावित भूमि के लिए संबंधित विभाग को पत्र लिखकर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूर्ण की जाए।
प्रशासन की इस सकारात्मक पहल के बाद खिलाड़ियों और नगरवासियों में खुशी की लहर है। सभी को उम्मीद है कि शीघ्र ही टिमरनी के खिलाड़ियों को खेलने के लिए अपना खेल मैदान उपलब्ध होगा और शहर की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा।


