51 हजार हनुमान चालीसा के महासंकल्प से भक्तिमय हुआ


51 हजार हनुमान चालीसा के महासंकल्प से भक्तिमय हुआ संत नगर; महंत रामप्रवेश दास जी ने दिया सामाजिक एकजुटता का संदेश
अनिल कुमार प्रजापति
संत नगर बैरागढ़ भोपाल
संत नगर (बैरागढ़) स्थित प्रसिद्ध नुक्कड़ वाली माता मंदिर परिसर में श्री हनुमान जी महाराज के अखंड धार्मिक अनुष्ठान के सफल 1 वर्ष पूर्ण होने के पावन अवसर पर एक भव्य धार्मिक महोत्सव अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। क्षेत्र में 51,000 संगीतमय हनुमान चालीसा पाठों के महासंकल्प के अंतर्गत आयोजित इस समारोह से संपूर्ण संत नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम में भोपाल के प्रसिद्ध गुफा मंदिर के महंत पूज्य रामप्रवेश दास जी महाराज ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर श्रद्धालुओं को अपना ओजस्वी उद्बोधन एवं आशीर्वाद प्रदान किया। अपने संबोधन में महाराज श्री ने कहा, “भगवान की असीम कृपा से ही आज हम सभी यहां एक मंच पर इकट्ठे हुए हैं। सनातन धर्म की रक्षा, संवर्धन और समाज की एकजुटता के लिए चाहे ब्राह्मण समाज हो या अन्य सभी धर्मप्रेमी बंधु, आज सभी को एक साथ मिलकर आगे आने की महती आवश्यकता है।” उनके इस संदेश पर पूरा प्रांगण तालियों की गड़गड़ाहट और “जय श्री राम” के जयकारों से गूंज उठा।
संगीतमय पाठ, शंखनाद और दिव्य महाआरती
समारोह में सुप्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा प्रस्तुत संगीतमय हनुमान चालीसा पाठ ने उपस्थित भक्तों को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। इसके पश्चात ढोल-नगाड़ों की गूंज, गगनभेदी शंखनाद और भव्य आतिशबाजी के बीच श्री हनुमान जी महाराज एवं माता रानी की अलौकिक महाआरती उतारी गई। विशाल जनसमूह को देखते हुए आयोजकों द्वारा बड़ी LED स्क्रीनों के माध्यम से सीधा प्रसारण (लाइव) भी किया गया।
इस ऐतिहासिक अवसर पर संत-महात्माओं, कथा व्यासों, समाजसेवियों तथा विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों की गरिमामय उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में आयोजक पंडित रवि पटेरिया, पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्री विष्णु विश्वकर्मा एवं आयोजन समिति के सदस्यों ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं, माताओं और बहनों का आभार व्यक्त किया। महाआरती के उपरांत उपस्थित विशाल जनसमुदाय में महाप्रसाद का वितरण किया गया।


Leave a Reply