दीपावली पर्व पर 5 से 12 नवंबर तक फल-सब्जी मंडी में रहेगा अवकाश,


दीपावली पर्व पर 5 से 12 नवंबर तक फल-सब्जी मंडी में रहेगा अवकाश, 13 नवंबर को होगा मुहूर्त में नीलामी कार्य

आष्टा। नगर में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी दीपावली का पावन पर्व उन्नतिशील फल-सब्जी, लहसुन-प्याज व्यापारी संगठन द्वारा बड़े ही धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। दीपावली पर्व एवं महालक्ष्मी पूजन के अवसर पर मंडी में दिनांक 5 नवंबर से 12 नवंबर 2026 तक नीलामी कार्य का अवकाश रहेगा।
इस संबंध में उन्नतिशील फल-सब्जी, लहसुन-प्याज व्यापारी संगठन के अध्यक्ष नरेंद्र कुशवाहा (पूर्व पार्षद) ने कृषि उपज मंडी समिति के सचिव श्री नरेंद्र मेश्राम को लिखित आवेदन सौंपकर अवकाश की जानकारी दी है। आवेदन के माध्यम से मंडी सचिव से आग्रह किया गया है कि निर्धारित अवधि में मंडी नीलामी कार्य का अवकाश घोषित कर मंडी प्रांगण में ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से किसान भाइयों को समय रहते अवकाश की सूचना प्रसारित करवाई जाए, ताकि किसानों को अपनी उपज लेकर मंडी आने पर किसी प्रकार की असुविधा न हो।
व्यापारी संगठन अध्यक्ष नरेंद्र कुशवाहा ने समस्त किसान भाइयों एवं व्यापारी बंधुओं को दीपावली पर्व की अग्रिम बधाई एवं हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए अपील की है कि दीपावली अवकाश समाप्त होने के पश्चात 13 नवंबर 2026 को दीपावली के शुभ मुहूर्त में मंडी नीलामी कार्य पुनः प्रारंभ होगा। अतः सभी किसान भाई अधिक से अधिक संख्या में अपनी लहसुन, प्याज एवं अन्य कृषि उपज लेकर मंडी पहुंचें और शुभ मुहूर्त में नीलामी कार्य में सहभागिता करें।
व्यापारी संगठन ने सभी किसान भाइयों एवं व्यापारी बंधुओं से दीपावली का त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे एवं खुशियों के साथ मनाने की अपील करते हुए एक बार पुनः सभी को दीपावली पर्व की मंगलमय शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।


Leave a Reply