*स्वामित्व योजना के तहत झाबुआ जिले में 9,954 रजिस्ट्रियां संपादित, ग्रामीण परिवारों को मिल रहा संपत्ति का मालिकाना हक*
*जिले में स्वामित्व अधिकार अभिलेखों के पंजीयन हेतु विशेष अभियान*
*ग्राम गोपालपुरा में मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया की उपस्थिति में हुआ पंजीयन कार्यक्रम, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पटवारियों का सम्मान*
*थांदला एवं वगई छोटी में भी आयोजित हुए कार्यक्रम, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने की सहभागिता*
रणवीर सिंह सिसोदिया जिला ब्यूरो दिव्य गौरव समाचार
झाबुआ, मध्यप्रदेश शासन के राजस्व विभाग के निर्देशानुसार जिले में स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत ग्रामीण परिवारों को उनकी आवासीय संपत्तियों का विधिवत पंजीकृत स्वामित्व अभिलेख उपलब्ध कराने तथा स्वामित्व दस्तावेजों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न ग्रामों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिले में अब तक कुल 9,954 रजिस्ट्रियां संपादित कर निर्धारित लक्ष्य का 37.74 प्रतिशत हासिल किया गया है।
स्वामित्व योजना के अंतर्गत ग्राम गोपालपुरा, तहसील पेटलावद में महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया की उपस्थिति में स्वामित्व पंजीयन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मंत्री सुश्री भूरिया ने स्वयं एक हितग्राही का स्वामित्व पंजीयन किया। इस अवसर पर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले पटवारियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए तुलसी के पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया।
इसी प्रकार थांदला विधानसभा क्षेत्र में स्वामित्व योजना के अंतर्गत शत-प्रतिशत रजिस्ट्री का कार्य पूर्ण करने वाले पटवारियों, कोटवारों, ग्राम पंचायत सचिवों एवं ग्राम रोजगार सहायकों को विधायक थांदला श्री वीर सिंह भूरिया द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच, पंचगण, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मेघनगर के नेतृत्व में कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
झाबुआ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत तहसील राणापुर के ग्राम वगई छोटी में भी स्वामित्व योजना के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में , जिलाध्यक्ष श्री भानु भूरिया, सरपंच ,अपर कलेक्टर श्री सी एस सोलंकी एवं एसडीएम श्री महेश मंडलोई की उपस्थिति में योजना के क्रियान्वयन एवं स्वामित्व अभिलेखों के पंजीयन संबंधी गतिविधियों को गति प्रदान की गई। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों की सहभागिता रही।
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशन में जिले में स्वामित्व योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, पात्र ग्रामीण परिवारों को संपत्ति के वैधानिक अधिकार उपलब्ध कराने तथा पंजीयन कार्य में प्रगति लाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। योजना के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को उनकी आवासीय संपत्तियों के स्वामित्व का विधिवत दस्तावेज प्राप्त हो रहा है, जिससे संपत्ति संबंधी अधिकारों को कानूनी मान्यता मिलने के साथ ग्रामीण सशक्तिकरण एवं आर्थिक सुरक्षा को बढ़ावा मिल रहा है।


