दीपक सराठे – दैनिक दिव्य गौरव न्यूज़
श्रीधाम । विगत दिवस स्थानीय शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित विधिक जागरूकता शिविर अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित बचपन अभियान कार्यक्रम में गोटेगांव सिविल कोर्ट की प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट सुश्री साक्षी शुक्ला ने मुख्य अतिथि के रूप मे अपने विचार विद्यार्थियों के समक्ष साझा किए, कहा कि
सुरक्षित बचपन अभियान’ कोई औपचारिकता या केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं है। यह आप सभी को आपके अधिकारों, आपकी सुरक्षा और आपके सम्मान के प्रति जागरूक रहना चाहिए ।
आपको यह पहचानना जरूरी है कि कौन सा व्यवहार सम्मानजनक है और कौन सा असहज करने वाला। यदि किसी भी व्यक्ति—चाहे वह कोई परिचित हो, रिश्तेदार हो या अजनबी—का व्यवहार आपको असहज, डरा हुआ या संकोच में डालता है, तो चुप न रहें। याद रखें, गलती आपकी नहीं है। ऐसे समय में तुरंत “नहीं” कहें और अपने माता-पिता या शिक्षकों को बिना किसी डर के बताएं।
आज का समय इंटरनेट और स्मार्टफोन का है। सोशल मीडिया पर आप क्या देख रहे हैं, किससे बात कर रहे हैं और क्या साझा कर रहे हैं, इसके प्रति बेहद सतर्क रहें। किसी भी अज्ञात व्यक्ति से व्यक्तिगत जानकारी, तस्वीरें या पासवर्ड साझा न करें। साइबर अपराधों से बचने का सबसे पहला नियम है—सतर्कता और समझदारी।हमारा संविधान और कानून बच्चों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह समर्पित हैं। पॉक्सो (POCSO) एक्ट, किशोर न्याय (JJ) एक्ट और बाल श्रम निषेध कानून जैसे प्रावधान इसीलिए बनाए गए हैं ताकि किसी भी बच्चे के अधिकारों का हनन न हो। कानून का उद्देश्य सिर्फ सजा देना नहीं, बल्कि हर बच्चे को एक सुरक्षित छत्रछाया देना है।कभी भी किसी समस्या, मानसिक तनाव या डर को मन में न दबाएं। अगर आपके आसपास कोई साथी भी किसी परेशानी या दुर्व्यवहार का सामना कर रहा है, तो उसकी आवाज बनें। विद्यालय में लगे कंप्लेंट बॉक्स, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और विधिक सेवा प्राधिकरण हमेशा आपकी सहायता के लिए तैयार हैं। महिला एवं बाल विकास के डिस्ट्रिक्ट सोशल वर्कर श्री दुबे ने विभाग की योजनाओं तथा विभिन्न गतिविधियों के बारे में जानकारी दी । संस्था प्राचार्य एस के सिसोदिया और एन एस एस कार्यक्रम अधिकारी संजीव नाहर ने विद्यार्थियों को बताया कि आप खूब मन लगाकर पढ़ें, निडर बनें, सही और गलत में अंतर समझें और अपने सपनों को पूरा करें। आपकी सुरक्षा समाज, कानून और हम सबकी पहली जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में अन्य अतिथि plv गोपाल ब्यौहार,plv मनोज चौधरी,नीतू ठाकुर तामीलकर्त सभी शिक्षकबंधु और शाला के सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे । अंत में आभार प्रदर्शन संजीव नाहर द्वारा किया गया ।

