नगर सहित क्षेत्र में खाद्य विभाग बना लापता विभाग




दीपावली जैसे बड़े त्यौहार पर भी नहीं दिखी खाद्य विभाग की टीम, फोन लगाने पर भी नहीं मिला जवाब

दीपक सराठे  दैनिक दिव्य गोरव न्यूज

*गोटेगांव।* गोटेगांव नगर सहित पूरे क्षेत्र में खाद्य विभाग इन दिनों लापता विभाग बना हुआ है। दीपावली जैसे ऐतिहासिक त्यौहार पर भी गोटेगांव में खाद्य विभाग की गैर मौजूदगी काफी चर्चा का विषय बनी हुई है।

दीपावली पर मिठाई, मावा, दूध, पनीर, खोवा, तेल, घी और अन्य खाद्य सामग्री की मांग कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावटखोर सक्रिय हो जाते हैं और नकली व मिलावटी सामान बाजार में धड़ल्ले से बिकने लगता है। लेकिन इसके बाद भी खाद्य विभाग की टीम द्वारा नगर में कहीं भी जांच अभियान नहीं चलाया गया।

नगर के मुख्य बाजार, मिठाई दुकानों, किराना दुकानों और ठेलों पर बिना जांच के ही मिठाइयां और खाद्य सामग्री बिक रही है। लोगों का कहना है कि त्यौहार के समय तो खाद्य विभाग को सबसे ज्यादा सक्रिय रहना चाहिए, लेकिन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी कहीं नजर ही नहीं आ रहे हैं।

*फोन भी नहीं उठा रहे अधिकारी*

इस संबंध में जब खाद्य विभाग के अधिकारियों से संपर्क साधना चाहा तो उनके द्वारा फोन रिसीव नहीं किया गया। कई बार फोन लगाने के बाद भी अधिकारियों ने फोन उठाना मुनासिब नहीं समझा। इससे लोगों में और भी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जब अधिकारी फोन ही नहीं उठाएंगे तो आम जनता अपनी शिकायत लेकर कहां जाए।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि खाद्य विभाग की लापरवाही के कारण मिलावटखोरों के हौसले बुलंद हैं। आम जनता की सेहत से खिलवाड़ हो रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंख मूंदे बैठा है।

लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि दीपावली से पहले गोटेगांव नगर सहित क्षेत्र की मिठाई दुकानों, मावा और खाद्य सामग्री की दुकानों की सघन जांच कराई जाए, ताकि लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री मिल सके।


Leave a Reply