कलेक्टर श्री सिसोनिया ने सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग कार्यालय का किया निरीक्षण
विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की ली जानकारी, मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के आवेदनों का किया अवलोकन
संवाददाता गोविन्द दुबे उदयपुरा
रायसेन,
कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया ने मंगलवार को रायसेन में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग कार्यालय तथा जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय भवन के विभिन्न कक्षों का भ्रमण कर विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन एवं हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने उप संचालक श्री मनोज बॉथम को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिसोनिया ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना अंतर्गत प्राप्त हो रहे आवेदनों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के तहत प्राप्त होने वाले सभी आवेदन पूर्ण रूप से भरे हुए हों तथा उनमें आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेजों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। कलेक्टर श्री सिसोनिया ने आवेदन प्राप्ति की अंतिम तिथि 14 नवम्बर का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त हों।
इसी प्रकार जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विषय विशेषज्ञों से केन्द्र में उपलब्ध सुविधाओं एवं दिव्यांगजनों को दी जा रही थेरेपी के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिक से अधिक दिव्यांगजनों को केन्द्र से जोड़कर उन्हें शासन की विभिन्न सुविधाओं एवं आवश्यक थेरेपी का लाभ उपलब्ध कराया जाए। साथ ही उन्होंने विभाग द्वारा संचालित वृद्धाश्रम एवं नशामुक्ति केन्द्र के संबंध में भी जानकारी लेते हुए उनकी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

