गोवर्धन पूजा हमारी आस्था, संस्कृति और गौसेवा की संबद्ध परंपरा से जुड़ा पर्व हैः पटेल
समनापुर जागीर स्थित गौशाला में स्वास्थ्य राज्यमंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल के मुख्य आतिथ्य में गोवर्धन पूजा कार्यक्रम संपन्न
संवाददाता गोविन्द दुबे उदयपुरा
बरेली। सोमवार को गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट पर्व के अवसर पर तहसील के ग्राम समनापुर में स्वास्थ्य राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल के मुख्य आतिथ्य में गोवर्धन पूजा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर रोहित सिसोनिया एवं जिला पंचायत सीईओ कमल सोलंकी ने भी सहभागिता की। इस अवसर पर अतिथियों ने विधि-विधान से गोवर्धन पूजा कर प्रदेश एवं जिले की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। साथ ही गायों का पूजन कर उन्हें गुड़ खिलाया। स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री पटेल ने इस अवसर पर कहा कि गोवर्धन पूजा हमारी आस्था, संस्कृति और गौसेवा की समृद्ध परंपरा से जुड़ा पर्व है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी प्रदेशभर में धूमधाम से यह पर्व मनाया जा रहा है साथ ही गौ-सेवा और गौ-पालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पशुपालकों को सम्मानित किया जा रहा है। इस अवसर पर बरेली नपं अध्यक्ष हेमंत राजा भैया चौधरी, उपाध्यक्ष नेपाल सिंह राजपूत, भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रतीक द्विवेदी, भाजपा जिला सह कोषाध्यक्ष अवनीश पालीवाल, सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, एसडीएम अंकित जैन, तहसीलदार शैलेश सिंह, एसडीओपी कुंअर सिंह राजपूत, थाना प्रभारी कपिल गुप्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहें।

