*कलेक्टर ने सपरिवार अयोध्या बस्ती में मनाई दीपावली, रहवासियों एवं बच्चों के साथ साझा की खुशियां*
*दीप प्रज्वलित कर दिया खुशियों और सामाजिक समरसता का संदेश*
*बच्चों को मिठाइयां, चॉकलेट एवं पटाखे वितरित कर दी शुभकामनाएं*
रणवीर सिंह सिसोदिया जिला ब्यूरो दिव्य गौरव समाचार
झाबुआ, दीपावली के पावन पर्व पर कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने सपरिवार अयोध्या बस्ती पहुंचकर स्थानीय रहवासियों एवं बच्चों के साथ दीपावली का त्योहार हर्षोल्लास, आत्मीयता एवं उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर उन्होंने बस्ती के रहवासियों के साथ दीप प्रज्वलित कर दीपावली की खुशियां साझा कीं तथा सभी को सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की शुभकामनाएं दीं।
कलेक्टर डॉ. भरसट ने बच्चों को मिठाइयां, चॉकलेट एवं पटाखे वितरित कर उनके साथ दीपावली की खुशियां बांटी। इस दौरान उन्होंने स्थानीय रहवासियों एवं बच्चों से आत्मीय संवाद किया। कलेक्टर एवं उनके परिवार के साथ दीपावली मनाकर बच्चों और रहवासियों में विशेष उत्साह एवं प्रसन्नता देखने को मिली।
कलेक्टर डॉ. भरसट ने दीपावली को आपसी प्रेम, सद्भाव, सामाजिक समरसता एवं खुशियां साझा करने का पर्व बताते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि त्योहारों की वास्तविक सार्थकता समाज के सभी वर्गों के साथ मिलकर खुशियां मनाने और आपसी अपनत्व की भावना को सुदृढ़ करने में निहित है।
अयोध्या बस्ती में कलेक्टर डॉ. भरसट द्वारा सपरिवार मनाया गया दीपावली उत्सव सामाजिक संवेदनशीलता, आत्मीयता एवं सामूहिक खुशियों का सुंदर उदाहरण बना। इस पहल के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ त्योहार की खुशियां साझा करने तथा आपसी सद्भाव और एकता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।


Leave a Reply