*रतलाम होकर जाने वाले मार्ग के अतिरिक्त वैकल्पिक रेल संपर्क की संभावनाओं पर हो विचार, मालवा क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को मिल सकता है विस्तार*
उज्जैन संवाददाता दैनिक दिव्य गौरव राज कछवाय
नागदा।
मालवा क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार तथा नए क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने के उद्देश्य से यात्री विकास एवं सुझाव मंच, नागदा द्वारा खाचरौद से बड़ावदा होते हुए जावरा तक नई रेल लाइन विकसित करने का सुझाव सामने रखा गया है। मंच का मानना है कि इस प्रस्ताव की व्यवहार्यता का अध्ययन होने से क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार के लिए एक नया विकल्प सामने आ सकता है।
प्रस्ताव के अनुसार नागदा से खाचरौद तक पहले से ही रेल संपर्क उपलब्ध है। ऐसे में खाचरौद से बड़ावदा तथा बड़ावदा से जावरा तक नई रेल लाइन विकसित करने की संभावनाओं का अध्ययन किया जा सकता है। इससे नागदा से जावरा के बीच रतलाम होकर जाने वाले वर्तमान रेल मार्ग के अतिरिक्त एक वैकल्पिक रेल संपर्क विकसित करने की दिशा में विचार संभव हो सकेगा।
कई क्षेत्रों को मिल सकता है लाभ –
प्रस्तावित रेल मार्ग से नागदा, खाचरौद, बड़ावदा और जावरा सहित आसपास के ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों को बेहतर रेल सुविधा मिलने की संभावनाएं बन सकती हैं। इसके अतिरिक्त भविष्य में रेल नेटवर्क के विस्तार और अन्य मार्गों से संपर्क स्थापित होने की स्थिति में मंदसौर, नीमच, निम्बाहेड़ा एवं उदयपुर जैसे क्षेत्रों की ओर आवागमन के नए विकल्प भी विकसित हो सकते हैं। हालांकि इन सभी संभावनाओं का वास्तविक स्वरूप रेलवे के सर्वेक्षण, तकनीकी परीक्षण एवं भविष्य की योजनाओं पर निर्भर करेगा।
सर्वेक्षण एवं व्यवहार्यता अध्ययन का सुझाव –
यात्री विकास एवं सुझाव मंच द्वारा रेलवे मंत्रालय एवं पश्चिम रेलवे से अनुरोध किया गया है कि इस सुझाव पर प्रारंभिक स्तर पर विचार कर आवश्यकतानुसार सर्वेक्षण एवं व्यवहार्यता अध्ययन कराने की संभावनाएं देखी जाएं। अध्ययन के दौरान प्रस्तावित मार्ग की दूरी, भौगोलिक स्थिति, तकनीकी अनुकूलता, संभावित यात्री संख्या, माल परिवहन की संभावनाओं तथा निर्माण की अनुमानित लागत जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं का आकलन किया जा सकता है।
मंच का उद्देश्य क्षेत्र की रेल सुविधाओं से जुड़े जनहित के सुझावों को संबंधित विभागों एवं रेलवे के उच्च अधिकारियों तक पहुंचाना तथा मालवा क्षेत्र के विकास में सकारात्मक सहभागिता निभाना है। खाचरौद–बड़ावदा–जावरा रेल लाइन का सुझाव भी इसी उद्देश्य से रखा गया है।
मंच का मानना है कि रेलवे के तकनीकी एवं आर्थिक आकलन के आधार पर यदि यह प्रस्ताव व्यवहारिक और उपयोगी पाया जाता है तो भविष्य में क्षेत्र के यात्रियों को एक अतिरिक्त रेल संपर्क का लाभ मिल सकता है। इस दिशा में संबंधित विभागों द्वारा विचार किया जाना क्षेत्रीय विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम हो सकता है।
यात्री विकास एवं सुझाव मंच की ओर से मांग रखने वालों में राजेश सकलेचा, नितिन जैन, रवि चौहान, दीपक जैन, कैलाश सनोलिया, पंकज मारू, चेतन यादव, सुनील त्रिवेदी, भवानी सिंह देवड़ा, सुमेर सिंह सिसोदिया, राजा कर्नावट, शंकर प्रजापत, अनिल दसेड़ा, हेमंत कोठारी, राकेश दायमा, सीएम अतुल, जीवनलाल जैन, गौतम लश्करी , प्रमोद कोठारी, प्रकाश मलपानी, हिमांशु ओझा एवं सी.एन. शुक्ला शामिल हैं।

Leave a Reply