मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत गोगापुर में संवाद कार्यक्रम आयोजित, कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने विद्यार्थियों एवं किसानों से किया संवाद

उज्जैन संवाददाता दैनिक दिव्य गौरव राजमल राज कछवाय

महिदपुर। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत महिदपुर तहसील की ग्राम पंचायत गोगापुर में संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, आईपीएस करणदीप सिंह, महिदपुर एसडीएम अजय हिंगे एवं एसडीओपी आर.एस. भाभोर उपस्थित रहे। इस दौरान कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने विद्यार्थियों, किसानों एवं ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं, जिज्ञासाओं एवं सुझावों को सुना।

संवाद कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपने भविष्य, शिक्षा एवं करियर से जुड़े विभिन्न सवाल जिला कलेक्टर के समक्ष रखे। कलेक्टर ने विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए उन्हें भविष्य में बेहतर लक्ष्य निर्धारित करने तथा अपने सपनों को साकार करने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया।

वहीं किसानों के साथ जैविक खेती एवं फसलों से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई। किसानों ने अपने अनुभव साझा किए तथा खेती को बेहतर और लाभकारी बनाने के लिए अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने ग्रामीणों के विचारों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक पहल के लिए प्रेरित किया।

सड़क सुरक्षा को लेकर भी किया जागरूक

कार्यक्रम के दौरान जिला कलेक्टर ने उपस्थित ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों से पूछा कि कितने लोग हेलमेट पहनकर कार्यक्रम में आए हैं। उन्होंने सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी से दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की अपील की। साथ ही चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना स्वयं की और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।

इस अवसर पर शिक्षा विभाग के बीईओ किशोर परमार द्वारा जिला कलेक्टर रोशन कुमार सिंह को स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, किसानों एवं ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान करना तथा विकास कार्यों में जनभागीदारी को बढ़ावा देना रहा।

Leave a Reply

Designed with WordPress