
रणबीर सिंह सिसोदिया जिला ब्यूरो दिव्य गौरव समाचार
झाबुआ, भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर सांदीपनि विद्यालय मैदान, झाबुआ में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनजातीय समाज के अधिकारों, संस्कृति, भाषा, साहित्य के क्षेत्र में कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वनाधिकार अधिनियम के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पेटलावद श्रीमती रीतिका पाटीदार को सम्मानित किया गया। साथ ही पात्र हितग्राहियों को वनाधिकार पट्टों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में श्रीमती गीता राजेंद्र मंडोड़ द्वारा लिखित पुस्तक ‘लोक लय में भील’ का विमोचन किया गया। पुस्तक के माध्यम से भीली भाषा, लोक साहित्य एवं जनजातीय संस्कृति को साहित्यिक अभिव्यक्ति प्रदान करने के प्रयास की सराहना की गई। साथ ही भीली भाषा को बढ़ावा देने वाले क्षेत्र में कार्य करने वाले रचनाकारों को सम्मानित किया गया।

इसी क्रम में ‘छू लो आसमान’ कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित विभिन्न खेलकूद, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने और शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया, कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट, पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार, जिलाध्यक्ष श्री भानु भूरिया एवं पूर्व सांसद श्री गुमानसिंह डामोर एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती कविता सिंगार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply