
पंजाबी समाज के शरद अरोड़ा बने आमजन के लिए प्रेरणास्रोत, जैन श्री संघ ने की भावभरी अनुमोदना
महिदपुर रोड। धर्म और आध्यात्मिकता के मंगलकारी प्रभाव से व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है। जब संतों के मुखारविंद से निकले सद्विचार हृदय को स्पर्श करते हैं, तो जीवन की दिशा बदल जाती है। ऐसा ही प्रेरणादायी प्रसंग महिदपुर रोड नगर में देखने को मिला, जहां पंजाबी समाज के शरद अरोड़ा ने परम पूज्य साध्वी डॉ. अमृतरसा श्री जी महाराज साहब आदि ठाणा के मंगलकारी प्रवचनों से प्रेरित होकर आजीवन मांसाहार त्याग का प्रत्याख्यान ग्रहण किया।
नगर में चातुर्मास हेतु विराजित पूज्य साध्वीश्री के प्रवचनों से प्रभावित होकर शरद अरोड़ा ने धर्मसभा में उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं के समक्ष संकल्प व्यक्त करते हुए कहा कि आज से जीवन में कैसी भी परिस्थिति क्यों न आ जाए, वे कभी भी मांसाहार ग्रहण नहीं करेंगे। उन्होंने आजीवन मांसाहार का त्याग करने का दृढ़ संकल्प लिया।
इस अवसर पर पूज्य साध्वीश्री ने अपने पावन मुखारविंद से उन्हें आजीवन मांसाहार त्याग का प्रत्याख्यान करवाकर व्रत एवं नियम प्रदान किया। एक अजैन समाज के व्यक्ति द्वारा धर्म के प्रति आस्था रखते हुए जीवदया और अहिंसा के मार्ग को अपनाने का यह प्रसंग उपस्थित धर्मसभा के लिए अत्यंत भावुक एवं प्रेरणादायी रहा।
जैन श्री संघ अध्यक्ष अजय चोरड़िया सहित उपस्थित समस्त समाजजनों ने पंजाबी समाज के शरद अरोड़ा की हृदय की गहराइयों से खूब-खूब अनुमोदना की तथा उनके इस संकल्प की सराहना करते हुए इसे अहिंसा और जीवदया की दिशा में एक अनुकरणीय कदम बताया।
शरद अरोड़ा ने आमजन से भी आह्वान किया कि जीवन में मांसाहार का त्याग कर शुद्ध शाकाहार को अपनाएं। इससे जीवों के प्रति करुणा, दया और संवेदना का भाव विकसित होगा तथा हमारा जीवन अधिक निर्मल और सात्विक बनेगा।
शरद अरोड़ा का यह संकल्प नगरवासियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है। निश्चित ही किसी के जीवन में आया ऐसा सकारात्मक परिवर्तन यह संदेश देता है कि धर्म के सद्विचार और संतों की वाणी किसी भी व्यक्ति के हृदय में अहिंसा एवं करुणा के भाव जागृत कर सकते हैं।
उक्त जानकारी जैन समाज एवं अखिल भारतीय श्री राजेंद्र जैन नवयुवक परिषद के प्रदेश मीडिया प्रभारी सचिन भंडारी ने दी।
Leave a Reply