जनजातीय गौरव दिवस केवल आयोजन नहीं, जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और अस्मिता को सम्मान देने का राष्ट्रीय महापर्व: –  केबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटैल

भाजपा ने मध्यप्रदेश में जनजातीय समाज में राजनैतिक नेतृत्व विकसित किया है- जिलाध्यक्ष रामस्नेही पाठक

दैनिक दिव्य गौरव नरसिंहपुर-गोविन्द दुबे।।11 से 20 नवंबर तक गांवों, छात्रावासों और आश्रमों तक पहुंचेंगे कार्यक्रम, भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय महापुरुषों के संघर्ष और बलिदान से नई पीढ़ी को कराया जाएगा परिचित।

नरसिंहपुर:-  भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाए जाने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी जिला नरसिंहपुर में जनजातीय गौरव दिवस के ऐतिहासिक महत्व, जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई। पत्रकार वार्ता में मुख्य वक्ता केबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटैल, भाजपा जिलाध्यक्ष रामस्नेही पाठक, पूर्व राज्यमंत्री जालम सिंह पटैल, विधायक विश्वनाथ सिंह  पटैल, महेन्द्र नागेश, अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिलाध्यक्ष रामकुमार ठाकुर, पूर्व जिलाध्यक्ष महंत प्रीतमपुरी गोस्वामी, विधायक मीडिया प्रभारी वैभव नेमा की उपस्थिति रही।
मुख्य वक्ता प्रहलाद सिंह पैटल ने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती पर जनजाति गौरव दिवस का आयोजन भारतीय जनता पार्टी एवं प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार 11 नवंबर से 20 नवंबर तक विभिन्न स्तरों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान, महापुरुषों के बलिदान, पारंपरिक संस्कृति और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव, युवाओं, विद्यार्थियों और छात्रावासों तक पहुंचाने की व्यापक कार्ययोजना बनाई गई है।
जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास से नई पीढ़ी को जोड़ना हमारा संकल्प: प्रहलाद सिंह पटैल
पत्रकार वार्ता में मंत्री श्री पटैल ने बताया जनजातीय गौरव दिवस के महत्व और इसके पीछे की मूल भावना को विस्तारपूर्वक रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को राष्ट्रीय स्तर पर जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय देश के इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण और स्वागतयोग्य कदम है। इसका उद्देश्य जनजातीय समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ना और अपनी संस्कृति, परंपराओं तथा ऐतिहासिक विरासत पर गर्व करने की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल उत्सव मनाने अथवा किसी महापुरुष की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित करने तक सीमित नहीं है। इसके माध्यम से जनजातीय समाज के इतिहास और उनके महान योगदान को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा नई पीढ़ी को अपने पूर्वजों के संघर्ष और बलिदान से परिचित कराना प्रमुख उद्देश्य है। भगवान बिरसा मुंडा के जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने बहुत कम आयु में अंग्रेजी शासन के शोषण, अन्याय और जनजातीय समाज की सांस्कृतिक पहचान पर हो रहे आघात के विरुद्ध संघर्ष किया। उनके अदम्य साहस और समाज को संगठित करने के प्रयासों ने उन्हें इतिहास में विशिष्ट स्थान दिलाया। आज उन्हें धरती आबा भगवान के रूप में श्रद्धापूर्वक स्मरण किया जाता है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की वास्तविक पहचान उसकी संस्कृति, परंपराओं, रीति-रिवाजों और प्रकृति से उसके गहरे जुड़ाव में निहित है। भगवान बिरसा मुंडा ने समाज को अपनी मूल पहचान और परंपराओं के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। यदि कोई समाज अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से कट जाता है तो उसकी मूल पहचान कमजोर होने लगती है। इसलिए जनजातीय समाज को अपने इतिहास पर गौरव करने के साथ ही अपनी सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना आवश्यक है। भारतीय जनता पार्टी और प्रदेश सरकार की मंशा है कि जनजातीय समाज को उसकी सांस्कृतिक पहचान के साथ विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए। इसके लिए केवल बड़े आयोजनों तक सीमित रहने के बजाय गांवों, बस्तियों, छात्रावासों और विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर वास्तविक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। शासन की योजनाओं का लाभ जनजातीय समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और उनके क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि जनजातीय गौरव दिवस के उद्देश्य और जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को सकारात्मक रूप से जन-जन तक पहुंचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
जनजातीय महापुरुषों के बलिदान को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का ऐतिहासिक अवसर: जिलाध्यक्ष रामस्नेही पाठक
जिलाध्यक्ष रामस्नेही पाठक ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के साथ रानी दुर्गावती, टंट्या मामा, शंकर शाह, रघुनाथ शाह सहित अनेक जनजातीय महापुरुषों का योगदान भारतीय इतिहास का गौरवशाली अध्याय है। इन महापुरुषों के संघर्ष और बलिदान को व्यापक पहचान दिलाने की दिशा में जनजातीय गौरव दिवस महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय वर्ष 2021 में केंद्र सरकार द्वारा लिया गया था। यह निर्णय देश के जनजातीय समाज के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है एवं कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 5 नवंबर 2026 को मुख्यमंत्री निवास पर जनजातीय जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेशभर से जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। इसी क्रम में प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 14 नवंबर को जबलपुर तथा 15 नवंबर को धार एवं जोबट जिला अलीराजपुर में प्रमुख आयोजन होंगे। जनजातीय गौरव दिवस की प्रासंगिकता और जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास शौर्य, पराक्रम, त्याग और बलिदान की गौरवशाली परंपरा से समृद्ध रहा है। देश की आजादी के आंदोलन में जनजातीय समाज के वीरों ने जिस साहस और समर्पण का परिचय दिया, उसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराएं और प्रकृति के साथ उसका जुड़ाव भारतीय सभ्यता की महत्वपूर्ण धरोहर हैं। इन परंपराओं को संरक्षित रखते हुए समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास के अवसरों से जोड़ना आवश्यक है।
जनजातीय गौरव दिवस को जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाने पर जोर: पूर्व राज्यमंत्री जालम सिंह पटैल
पत्रकार वार्ता में इसके पश्चात जालम सिंह पटैल ने जनजातीय गौरव दिवस के आयोजनों को व्यापक जनभागीदारी से सफल बनाने और समाज के बीच निरंतर संपर्क स्थापित करने की आवश्यकता पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और महान परंपराओं को केवल एक दिन के आयोजन तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। इसके लिए निरंतर प्रयास जरूरी हैं, ताकि नई पीढ़ी अपने महापुरुषों, उनके संघर्ष और समाज की सांस्कृतिक पहचान से परिचित हो सके। उन्होंने कहा कि गांवों और छात्रावासों में आयोजित होने वाले कार्यक्रम जनजातीय समाज के बीच संवाद और जागरूकता का प्रभावी माध्यम बनेंगे। चैपालों के माध्यम से समाज के लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं और विकास से संबंधित आवश्यकताओं को समझने का अवसर मिलेगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और समाज के लोगों से इन आयोजनों में सक्रिय सहभागिता करने तथा जनजातीय गौरव दिवस के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का आह्वान किया। पत्रकार वार्ता में समग्र रूप से बताया गया कि भारतीय जनता पार्टी एवं प्रदेश सरकार की निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार 11 से 20 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इनका उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय समाज के महान नायकों के योगदान को सम्मान देना, सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण करना, युवाओं को अपने इतिहास से जोड़ना और शासन की योजनाओं का लाभ जनजातीय समाज तक पहुंचाना है।
उक्त जानकारी देते हुए विधायक मीडिया प्रभारी वैभव नेमा ने बताया कि उक्त वार्ता में वक्ताओं ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस किसी एक समाज का सीमित आयोजन नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक विविधता, राष्ट्रीय एकता और स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समाज के अतुलनीय योगदान को नमन करने का अवसर है। जनजातीय समाज की अस्मिता और गौरवशाली परंपराओं को सुरक्षित रखते हुए उसे विकास की मुख्यधारा में आगे बढ़ाना ही इन आयोजनों की मूल भावना है। पत्रकार वार्ता के अंत में उपस्थित पत्रकारों का आभार व्यक्त किया गया तथा सभी से जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रमों को सकारात्मक रूप से जनमानस तक पहुंचाने में सहयोग की अपेक्षा की गई।

Leave a Reply

Designed with WordPress