तीन बालिकाओं की तपस्या के अनुमोदनार्थ निकला भव्य वरघोड़ा
अर्हति, अतिशि और आव्या ने 18 दिवसीय उपधान तप की आराधना कर दिया प्रेरणादायी संदेश — यशोजित विजयजी महाराज
व्यक्ति लक्ष्य बना ले तो सफलता निश्चित मिलती है — वीरतेन्द्र विजयजी महाराज
आष्टा। धर्म और तपस्या के प्रति समर्पण उम्र का मोहताज नहीं होता। दृढ़ संकल्प और आत्मबल हो तो छोटी उम्र में भी कठिन से कठिन धार्मिक साधना की जा सकती है। इसका उदाहरण नगर की तीन बाल तपस्वियों अर्हति,अतिशि चतरमुथा और आव्या श्रीश्रीमाल ने प्रस्तुत किया है। इन तीनों बालिकाओं द्वारा 18 दिवसीय उपधान तप की आराधना करने पर शनिवार को उनकी तपस्या के अनुमोदनार्थ भव्य वरघोड़ा निकाला गया। चातुर्मास के लिए आष्टा में विराजित पन्यास प्रवर यशोजित विजयजी महाराज साहब एवं वीरतेन्द्र विजय महाराज साहब की पावन निश्रा में निकले इस वरघोड़े में बड़ी संख्या में समाजजन और नगरवासी शामिल हुए।
शनिवार सुबह गल चौराहा स्थित तरुण चतरमुथा के नवनिर्मित निवास पर दोनों गुरु भगवंतों के आशीष वचन हुए। इसके पश्चात तीनों बाल तपस्वियों को आकर्षक रथ में विराजित कर गाजे-बाजे के साथ भव्य वरघोड़ा निकाला गया। वरघोड़ा गल चौराहे से प्रारंभ होकर बुधवारा, शास्त्री कॉलोनी और बड़ा बाजार होते हुए श्री नेमिनाथ श्वेतांबर जैन मंदिर किला पहुंचा। मार्ग में जगह-जगह समाजजनों और नगर के प्रबुद्धजनों ने गुरु भगवंतों के साथ तीनों बाल तपस्वियों का बहुमान कर उनकी कठिन तपस्या की अनुमोदना की।
इस अवसर पर आशीष वचन देते हुए पन्यास प्रवर यशोजित विजयजी महाराज साहब ने कहा कि चतरमुथा परिवार की कुल गौरव कुमारी अर्हति एवं अतिशि जोकि तरुण-सोनम चतरमुथा की सुपुत्रियों तथा श्रीश्रीमाल परिवार की कुल गौरव कुमारी आव्या, राजकुमार-प्रिनल श्रीश्रीमाल की सुपुत्री ने कठिन तपस्या और धर्म आराधना के माध्यम से समाज ही नहीं, बल्कि पूरे देश को प्रेरणादायी संदेश दिया है। इन बाल तपस्वियों ने संयम,साधना और दृढ़ संकल्प के माध्यम से परिवार एवं समाज का गौरव बढ़ाया है। इतनी कम उम्र में कठिन तपस्या करना अपने आप में अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि यदि बच्चे जीवन में कोई लक्ष्य निर्धारित कर लें और उसके प्रति समर्पित हो जाएं तो सफलता निश्चित रूप से उनके कदम चूमती है।
वीरतेन्द्र विजय महाराज साहब ने कहा कि इन बालिकाओं ने जिस उत्साह और संकल्प के साथ उपधान तप की आराधना की, वह सराहनीय है। यदि बेटियों के स्कूल की समस्या नहीं होती तो निश्चित रूप से वे अपनी तपस्या पूरी करतीं। उनका तप, त्याग और धर्म के प्रति अनुराग सभी के लिए प्रेरणा है।
18 दिनों में की कठिन धार्मिक आराधना
तीनों बाल तपस्वियों ने 18 दिवसीय उपधान तप के दौरान 9 उपवास, 9 निवि, 1800 खमासमणा, 1800 लोगस्स का काउसग्ग, 36 प्रतिक्रमण, 36 पडिलेहण, 72 देववंदन, 36 चैत्यवंदन और 3600 माला की आराधना की। इतनी कम उम्र में इतनी कठिन धार्मिक क्रियाएं संपन्न करने पर समाजजन भी अचंभित और अभिभूत नजर आए।
किला मंदिर पहुंचने पर गुरु भगवंतों का स्वागत किया गया। मंदिर परिसर में आरती के साथ ज्ञान पंचमी की पूजा, आरती एवं सिद्धचक्र की पाटला पूजा संपन्न हुई। तपस्वियों के बहुमान का लाभ कल्याणमल, राजेन्द्र कुमार एवं उमेश श्रीश्रीमाल परिवार ने लिया।इस धार्मिक आयोजन के आयोजक श्रीमती सुशीला समरथमल चतरमुथा, तरुण कुमार एवं सोनम चतरमुथा परिवार तथा श्रीश्रीमाल परिवार रहे। समाजजनों, स्नेहीजनों और धर्मप्रेमियों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर बाल तपस्वियों का स्वागत-सम्मान किया और उनकी तपस्या की अनुमोदना की।
12 दिसंबर को निकलेगा मेहंदी का वरघोड़ा
उपधान तप के अंतर्गत भगवान के प्रतिनिधि बनकर पोषण करने वालों को मेहंदी लगाने का लाभ भी कल्याणमल, राजेन्द्र कुमार एवं उमेश कुमार श्रीश्रीमाल परिवार ने लिया। इस निमित्त 12 दिसंबर को श्रीश्रीमाल परिवार के निवास से सकल जैन संघ की उपस्थिति में गाजे-बाजे के साथ मेहंदी के कोण लेकर भव्य आयोजन किया जाएगा।
चित्र
तरुण चतरमुथा
9827340204


Leave a Reply