
# गन्ना खरीदी ₹475 प्रति क्विंटल से शुरू करें मिल संचालक, हर सप्ताह बढ़ाएं ₹10 भाव : शैलेंद्र रघुवंशी
**किसानों को मिले उपज का उचित मूल्य, तभी बढ़ेगा जिले में गन्ने का रकबा**
जिला ब्यूरो मनोज कुमार साहू
**छिंदवाड़ा।** जिले के गन्ना किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष शैलेंद्र रघुवंशी ने कलेक्टर एवं शुगर मिल संचालकों से गन्ने की खरीदी ₹475 प्रति क्विंटल की दर से प्रारंभ करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि किसानों के हित में गन्ने के भाव में प्रत्येक सप्ताह ₹10 प्रति क्विंटल की वृद्धि भी सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि किसानों को उनकी मेहनत का लाभ मिल सके।
श्री रघुवंशी ने कहा कि जिले में गन्ने की खेती का रकबा बढ़ाने और अधिक से अधिक किसानों को इस खेती से जोड़ने के लिए जरूरी है कि उन्हें लाभकारी मूल्य के साथ बेहतर सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएं। यदि किसानों को उनकी उपज का उचित दाम मिलेगा तो वे गन्ने की खेती के प्रति प्रोत्साहित होंगे और कृषि उत्पादन में भी वृद्धि होगी।
उन्होंने शुगर मिल संचालकों से मांग की कि गन्ने की समय पर तुलाई, नियमित भुगतान और परिवहन व्यवस्था को लेकर गंभीरता बरती जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। मिलों द्वारा बेहतर व्यवस्था और उचित मूल्य दिए जाने से किसानों का भरोसा भी मजबूत होगा।
भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष ने कलेक्टर से भी आग्रह किया कि वे किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए शुगर मिल संचालकों के साथ बैठक कर गन्ने का लाभकारी मूल्य और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित कराने के लिए पहल करें।
उन्होंने कहा कि किसान मजबूत होगा तो कृषि आधारित उद्योग भी मजबूत होंगे। किसानों की समृद्धि से ही जिले की आर्थिक उन्नति का रास्ता प्रशस्त होगा।
Leave a Reply