दूसरे निकायों और निजी कंपनी से मांगनी पड़ती है मदद; शहर से गांव और जंगल तक इसी के भरोसे व्यवस्था

दीपक निषाद जिला ब्यूरो

अनूपपुर।
जिला मुख्यालय की करीब 20 हजार आबादी की सुरक्षा महज एक चालू फायर ब्रिगेड के भरोसे है। नगर पालिका अनूपपुर के पास आग बुझाने के लिए दो वाहन हैं, लेकिन इनमें से एक खराब होने के कारण मरम्मत के लिए कटनी भेजा गया है। ऐसे में पूरे नगरीय क्षेत्र के साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों में आगजनी की घटनाओं से निपटने की जिम्मेदारी एक ही वाहन पर है। स्थिति यह है कि एक साथ दो स्थानों पर आग लगने पर नगर पालिका के पास तत्काल सहायता पहुंचाने के पर्याप्त संसाधन नहीं हैं। ऐसी परिस्थितियों में आसपास के नगरीय निकायों और निजी कंपनी हिंदुस्तान पावर से फायर ब्रिगेड बुलानी पड़ती है।
ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचने में लगते हैं 30 से 45 मिनट
जिला मुख्यालय से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में आगजनी की घटनाओं के दौरान भी नगर पालिका की फायर ब्रिगेड पर निर्भर रहना पड़ता है। गांवों तक पहुंचने में वाहन को करीब 30 से 45 मिनट लग जाते हैं। इस दौरान आग फैलने से मकान, घरेलू सामान, फसल और अन्य संपत्तियों को नुकसान होने की आशंका बनी रहती है। ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अलग अग्निशमन व्यवस्था नहीं होने से एक ही वाहन पर शहर और गांव दोनों की जिम्मेदारी है।

सकरी गलियां बनीं दूसरी बड़ी चुनौती, कई जगह नहीं पहुंच पाती गाड़ी

नगर के कुछ वार्डों में संकरी सड़कें भी आग बुझाने में बाधा बन रही हैं। वार्ड क्रमांक 9 के कई स्थानों पर रास्ते इतने संकरे हैं कि फायर ब्रिगेड अंतिम छोर तक नहीं पहुंच पाती। नगर पालिका सीएमओ भूपेंद्र सिंह के अनुसार मकान निर्माण के दौरान निर्धारित नियमों का पालन नहीं किए जाने से रास्ते बाधित हुए हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकों को भवन निर्माण के दौरान नियमों का ध्यान रखना चाहिए, ताकि आपात स्थिति में अग्निशमन वाहन मौके तक पहुंच सके। नगर पालिका की ओर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

 

जंगलों की आग बुझाने में भी इसी वाहन का उपयोग

अनूपपुर जिला मुख्यालय के चारों ओर वन क्षेत्र होने के कारण गर्मी के मौसम में जंगलों में आग लगने की घटनाएं भी सामने आती हैं। दुर्गम पहाड़ी और सुदूर वन क्षेत्रों तक फायर ब्रिगेड पहुंचाना आसान नहीं होता। ऐसे में वनकर्मियों को अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास करने पड़ते हैं। जहां तक वाहन पहुंच सकता है, वहां नगर पालिका की इसी फायर ब्रिगेड की मदद ली जाती है। इस तरह एक ही वाहन पर शहर, ग्रामीण क्षेत्र और जंगलों में आग बुझाने का अतिरिक्त भार है।

व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

दो फायर ब्रिगेड होने के बावजूद एक वाहन खराब होने से वैकल्पिक व्यवस्था का अभाव।
ग्रामीण क्षेत्रों में अलग अग्निशमन व्यवस्था नहीं होने से एक ही वाहन पर निर्भरता।
शहर की संकरी गलियों में फायर ब्रिगेड पहुंचने में परेशानी।
जंगलों की आग बुझाने में भी इसी वाहन का इस्तेमाल।
एक साथ दो स्थानों पर आग लगने की स्थिति में तत्काल सहायता पहुंचाने की चुनौती।

Leave a Reply

Designed with WordPress