प्रारूप मतदाता सूची में जिले के कुल 6 लाख 74 हजार 256 मतदाता दर्ज

रामलखन पाठक जिला ब्यूरो

सिंगरौली। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के मान से जिले में फोटो निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 किया जा रहा है। इसी क्रम में आज कलेक्ट्रेट सभागार में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी पी.एस. त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के निर्धारित कार्यक्रम, मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन तथा पुनरीक्षण के दौरान संपन्न होने वाली विभिन्न गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 12 नवंबर 2026 को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार जिले में कुल 6 लाख 74 हजार 256 मतदाता दर्ज हैं, जबकि 21 फरवरी 2026 को हुए अंतिम प्रकाशन में मतदाताओं की संख्या 6 लाख 63 हजार 761 थी। इस प्रकार जिले में कुल 10 हजार 495 मतदाताओं की वृद्धि दर्ज की गई है। वर्तमान प्रारूप मतदाता सूची में 3 लाख 53 हजार 697 पुरुष, 3 लाख 20 हजार 555 महिला एवं 4 अन्य मतदाता शामिल हैं।

Leave a Reply

Designed with WordPress