आदिवासियों के हक और अधिकारों की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेंगे – उमंग सिंघार

बिसलपुर में कांग्रेस के विशाल कार्यकर्ता मिलन समारोह में उमड़ा जनसैलाब, नेता प्रतिपक्ष का भव्य स्वागत

विकास कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण, ग्रामीणों ने समस्याओं को लेकर सौंपे ज्ञापन

दैनिक दिव्य गौरव प्रवीण सोलंकी
मेघनगर। मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार शनिवार, 21 नवंबर को झाबुआ जिले के दौरे पर पहुंचे। मेघनगर विकासखंड के ग्राम बिसलपुर में आयोजित कांग्रेस के विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन एवं विकास कार्यों के भूमिपूजन-लोकार्पण समारोह में उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक वीरसिंह भूरिया सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा सरकार पर आदिवासी समाज की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा कहती है कि हम हिंदू बन जाएं, लेकिन हम सदियों से राम-राम करते आ रहे हैं। हमारे दादा-परदादा भी राम-राम कहते आए हैं। हम भगवान राम को मानते हैं, लेकिन भाजपा शबरी के वंशजों को भूलना चाहती है।

उन्होंने कहा कि केवल जय-जय सियाराम के नारे लगाने से आदिवासी समाज का विकास नहीं होगा। सरकार को जंगलों में रहने वाले आदिवासियों की वास्तविक स्थिति पर भी ध्यान देना चाहिए। आज आदिवासियों की जमीन प्रभावित हो रही है, रोजगार के अभाव में उन्हें गुजरात जैसे राज्यों में मजदूरी के लिए पलायन करना पड़ रहा है। कई गांवों में पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। सरकार को इन गंभीर समस्याओं का समाधान करना चाहिए।

सिंघार ने कहा कि आदिवासी समाज के जल, जंगल और जमीन पर अधिकारों की रक्षा बेहद जरूरी है। समाज को अपने हक और अधिकारों के प्रति जागरूक होकर आवाज बुलंद करनी होगी। कांग्रेस आदिवासियों के अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक पूरी मजबूती से लड़ेगी।

चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए उन्होंने भाजपा सरकार पर वोट चोरी के जरिए सत्ता में आने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार इस मुद्दे को उठा रहे हैं और लोकतंत्र में निष्पक्ष चुनाव की मांग कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने सौंपे समस्याओं से जुड़े ज्ञापन

सम्मेलन के दौरान क्षेत्र के ग्रामीणों ने पेयजल, मूलभूत सुविधाओं, विकास कार्यों एवं अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को ज्ञापन सौंपे। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।

कांग्रेस नेताओं और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम को विधायक वीरसिंह भूरिया, पूर्व विधायक जेवियर मेड़ा, फतेहसिंह नायक, दिनेश पाटीदार, जनपद अध्यक्ष ललिता मुनिया, मंजू सिंह डामोर, चैनसिंह डामोर, यामिन शेख, नटवर डोडियार एवं मथियास भूरिया ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर मुकेश मुनिया, भीमसिंह मोहनिया, कालूसिंह भूरिया, मुकेश कलसिया, विशाल राठौर, शायदा भाबर, विनय भाबर, प्रकाश ताड़ सहित जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य, सरपंच एवं कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से सम्मेलन ने विशाल जनसभा का रूप ले लिया। कार्यक्रम का संचालन साबिर फिटवेल ने किया तथा आभार मुकेश मुनिया ने व्यक्त किया।

Leave a Reply

Designed with WordPress