44 जोड़ों ने पुरुषसूक्त के मंत्रों से आहुति देकर किया एकादशी उद्यापन, तुलसी-शालिग्राम विवाह संपन्न

आष्टा। तहसील के ग्राम चाचरसी में दो दिवसीय भव्य धार्मिक आयोजन विधि-विधान से संपन्न हुआ। देवोत्थान एकादशी पर ग्राम स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर में 44 जोड़ों ने एकादशी का उद्यापन किया, तुलसी-शालिग्राम विवाह संपन्न हुआ तथा नवीन शिखर का आरोहण किया गया। दो दिनों तक पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ 20 नवंबर, देवोत्थान एकादशी के दिन प्रातःकाल माँ पार्वती नदी पर तीर्थों का स्मरण कर कलश यात्रा से हुआ। कलश यात्रा पूरे गांव में भ्रमण करते हुए मंदिर परिसर पहुंची, जहां मंडल पूजन एवं यज्ञ का शुभारंभ हुआ।

ग्राम स्थित देव दरबार में विभिन्न मंडलों में स्थापित देवताओं का विधिवत पूजन किया गया। इसके पश्चात 44 जोड़ों ने एक साथ बैठकर पुरुषसूक्त के मंत्रों से यज्ञ में आहुतियां दीं। वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा।

संपूर्ण धार्मिक कार्यक्रम नगरपुरोहित पं. महेंद्र पाठक, पं. मनीष पाठक एवं पं. डॉ. दीपेश पाठक के मार्गदर्शन में विधि-विधान से संपन्न हुआ।

दोपहर बाद ग्राम स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर से भगवान शालिग्राम की भव्य बारात निकाली गई। बाजे-गाजे, नृत्य और जयकारों के साथ निकली बारात का गांव के विभिन्न संगठनों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। बारात गांव में स्थित श्रीराम मंदिर पहुंची, जहां प्रदोषकाल की पावन बेला में तुलसी-शालिग्राम विवाह विधि-विधान से संपन्न हुआ। इस अवसर पर समस्त ग्रामवासियों ने माता तुलसी और शालिग्राम जी के पैर पखारे और धर्मलाभ प्राप्त किया।

इस दिव्य विवाह में भगवान शालिग्राम के पिता बनने का पुण्य सौभाग्य शांतिलाल धनगर को तथा माता तुलसी के पिता बनने का पुण्य सौभाग्य संतोष वर्मा को प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम के दूसरे दिन 21 नवंबर, शनिवार को उद्यापन की पूर्णाहुति हुई। इसी दिन श्री राधाकृष्ण मंदिर पर नवीन शिखर का आरोहण किया गया। शिखर आरोहण के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें आसपास के गांवों सहित हजारों भक्तों ने महाप्रसादी ग्रहण की।

बोली में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। देव बाबा के शिखर की बोली प्रभूलाल ताराचंद धनगर परिवार द्वारा 61,000 रुपये में ली गई। श्री राधाकृष्ण के शिखर की बोली प्रेमसिंह कमल सिंह सरपंच राहुल राजपूत परिवार द्वारा 45,000 रुपये में ली गई। वहीं आरती की बोली जीवन प्रेमसिंह धनगर परिवार द्वारा 19,500 रुपये में ली गई। बोली लेने वाले परिवारों का ग्रामवासियों ने पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया और सभी ने उनके सुख-समृद्धि की कामना की।

Leave a Reply

Designed with WordPress