पार्षद पति के खिलाफ कथित झूठी शिकायत का मामला गरमाया, निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर जनप्रतिनिधियों ने उठाई आवाज
दीपक सराठे -दैनिक दिव्य गौरव न्यूज़
गोटेगांव
नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष, पार्षदों एवं युवा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन; बिना ठोस साक्ष्यों के किसी को परेशान न करने की मांग
गोटेगांव नगर पालिका परिषद गोटेगांव की पार्षद पूजा राजपूत के पति एवं भाजपा से जुड़े सक्रिय जनप्रतिनिधि राजू राजपूत के खिलाफ कथित झूठी शिकायत और पुलिस कार्रवाई को लेकर मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है। इस मामले में नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष, पार्षदों, भाजपा जनप्रतिनिधियों एवं युवा कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। मामले को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन एवं शिकायत पत्र सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा किसी भी निर्दोष व्यक्ति को परेशान नहीं किए जाने की मांग की गई है।
प्राप्त शिकायत पत्र के अनुसार, पार्षद पूजा राजपूत ने मुख्यमंत्री के नाम दिए आवेदन में बताया है कि उनके पति राजू राजपूत के खिलाफ कथित झूठी रिपोर्ट के आधार पर पुलिस द्वारा पूछताछ एवं कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आवेदन में उल्लेख किया कि 19 नवंबर 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे जबलपुर जिले की पुलिस उनके घर पहुंची। उस समय उनके पति घर पर मौजूद नहीं थे। इसके बाद पुलिस गोटेगांव स्थित उनके व्यावसायिक कार्यालय पहुंची और वहां कर्मचारियों से पूछताछ करते हुए सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग तथा मोबाइल लोकेशन के संबंध में जानकारी मांगी।
आवेदिका ने अपने आवेदन में 15 नवंबर 2026 की घटनाओं का भी उल्लेख किया है। उनके अनुसार, उस दिन दोपहर करीब 1 बजे से 3 बजे तक उनके पति अपने व्यावसायिक कार्यालय में थे। इसके बाद वे अपने परिचितों के साथ मुआर घाट स्थित नर्मदाजी मंदिर गए थे, जहां मित्र के यहां आयोजित भंडारे में प्रसादी ग्रहण करने के बाद वापस कार्यालय पहुंचे थे। आवेदिका का कहना है कि घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकती है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने भी मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
इस मामले में नगर पालिका परिषद गोटेगांव की अध्यक्ष श्रीमती पूनम जितेन्द्र ठाकुर ने भी मुख्यमंत्री के नाम पत्र लिखकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। पत्र में उन्होंने पार्षद पूजा राजपूत के पति राजू राजपूत एवं उनके परिजनों के विरुद्ध की जा रही शिकायत और पुलिस कार्रवाई के संबंध में चिंता व्यक्त की है।
अध्यक्ष ने अपने पत्र में कहा है कि किसी भी व्यक्ति के खिलाफ व्यक्तिगत द्वेष, दुर्भावना अथवा आपसी विवाद के चलते की गई शिकायत के आधार पर उसके परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित नहीं होनी चाहिए। किसी भी कार्रवाई से पहले शिकायत में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच और उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पूजा राजपूत निर्वाचित जनप्रतिनिधि हैं और सार्वजनिक जीवन में सामाजिक एवं जनहित के कार्यों में सक्रिय रहती हैं। ऐसे में उनके पति और परिवार को इस प्रकार की कार्रवाई का सामना करना पड़ना परिवार के साथ-साथ एक जनप्रतिनिधि की सामाजिक प्रतिष्ठा को भी प्रभावित कर सकता है।
भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को झूठे मामले में फंसाने का लगाया आरोप
वहीं भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष श्रीमती अंजनी दीपक सोनी ने भी मुख्यमंत्री के नाम पत्र सौंपकर पार्टी कार्यकर्ताओं को कथित रूप से झूठे मामले में फंसाने की कोशिश पर आपत्ति जताई है। उन्होंने अपने पत्र में बताया कि पार्षद पूजा राजपूत के पति राजू राजपूत के संबंध में पुलिस कार्रवाई और शिकायत को लेकर परिवार परेशान है।
मंडल अध्यक्ष ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा पार्टी के कार्यकर्ताओं को झूठे मामले में परेशान करने से बचाया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन एवं अन्य तथ्यों की जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाने का आग्रह किया है।
जनप्रतिनिधियों ने निष्पक्ष जांच पर दिया जोर
नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष, पार्षदों, भाजपा जनप्रतिनिधियों एवं युवा कार्यकर्ताओं ने इस प्रकरण में निष्पक्ष जांच को आवश्यक बताते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध शिकायत मिलने पर कानून के अनुसार जांच होनी चाहिए। बिना तथ्यों और पर्याप्त साक्ष्यों की पड़ताल किए किसी की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकस…

Leave a Reply