आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों के बीच पहुंचे कलेक्टर श्री सिसोनिया खेल-खेल में जाना बच्चों के सीखने और विकास का स्तर

संवाददाता गोविन्द दुबे उदयपुरा


रायसेन,
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया ने सांची विकासखंड के ग्राम गुदरई स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर आत्मीय संवाद किया और उनकी खेलकूद एवं शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। बच्चों के बीच पहुंचकर उन्होंने सहजता से बातचीत की और उनके सीखने-समझने के स्तर को जाना।
कलेक्टर श्री सिसोनिया ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से बच्चों की नियमित उपस्थिति, पोषण आहार वितरण तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए संचालित गतिविधियों की जानकारी लेते हुए कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास की आधारशिला हैं। इसलिए बच्चों को नियमित पोषण आहार उपलब्ध कराने के साथ ही खेल एवं रोचक गतिविधियों के माध्यम से सीखने का अनुकूल वातावरण सुनिश्चित किया जाए।। उन्होंने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं और बच्चों को दी जा रही सेवाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Designed with WordPress