महिदपुर तहसील के ग्राम डेल्ची बुजुर्ग एवं कसारी चौहान के सर्वेक्षण से मिले उज्जैन एवं रतलाम जिले में ताम्रामशमयूगिन सभ्यता से लेकर विभिन्न कॉल करो के पुरातात्विक और ऐतिहासिक साक्ष्य
उज्जैन संवाददाता दैनिक दिव्य गौरव राज कछवाय
महिदपुर , महिदपुर के डेलची बुजुर्ग और कसारी चौहान के समन्वेषण से मिले उज्जैन और रतलाम जिले में ताम्राश्मयुगीन सभ्यता से लेकर विभिन्न कालखण्डों के पुरातात्विक और ऐतिहासिक साक्ष्य
सम्पूर्ण मध्यप्रदेश में अनूठे हैं डेलची बुजुर्ग स्थित हिंगलाज माता मंदिर, अष्टकोणीय बावड़ी और कसारी चौहान का शाक्त स्थल
विभिन्न कालखण्डों के पुरातात्विक और ऐतिहासिक साक्ष्य मिले अवंती-मालवा क्षेत्र विरासत अनुसंधान और संरक्षण यात्रा में
अवंती-मालवा क्षेत्र में विरासत अनुसंधान और संरक्षण की दृष्टि से की गई उज्जैन एवं रतलाम जिले के पुरातन स्थलों की यात्रा से विभिन्न कालखण्डों, प्रागैतिहासिक युग से लेकर ऐतिहासिक काल से जुड़े अत्यंत महत्वपूर्ण पुरासाक्ष्य और तथ्य प्राप्त हुए हैं। यात्रा के दौरान महाकाल वन की त्रिस्तरीय सीमा और बाह्य सीमा क्षेत्र में स्थित डेलची बुजुर्ग ग्राम में ताम्राश्म काल के पुरावशेष, मृद्भाण्ड और ऐतिहासिक प्रतिमाएँ मिली हैं। ताम्राश्म युगीन (Chalcolithic Age) सभ्यता का समय सामान्यतः 3000 ईसा पूर्व से 1000 ईसा पूर्व के मध्य माना जाता है। उज्जैन से लगभग साठ किलोमीटर दूर और महिदपुर से लगभग पन्द्रह किलोमीटर दूर स्थित ग्राम डेलची बुजुर्ग ग्राम और रतलाम के सीमावर्ती ग्राम कसारी चौहान के समन्वेषण से उज्जैन से मीलों दूर ताम्राश्म काल से लेकर मौर्य, शुंग और परमार काल, मराठा काल के महत्वपूर्ण पुरातात्विक महत्व के साक्ष्य मिले हैं। सम्पूर्ण मध्यप्रदेश में डेलची बुजुर्ग स्थित हिंगलाज माता मंदिर, अष्टकोणीय बावड़ी और कसारी चौहान एवं रीछाखेड़ा का शाक्त स्थल अनूठे हैं।
यह जानकारी देते हुए यात्रा के समन्वयक, संस्कृतिविद् एवं सम्राट् विक्रमादित्य विश्वविद्यालय, उज्जैन उज्जैन के कुलानुशासक प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा और प्रसिद्ध मुद्राशास्त्री, पुरातत्वविद और अश्विनी शोध संस्थान महिदपुर के निदेशक डॉ रामचन्द्र ठाकुर ने बताया कि मालवा विरासत अनुसंधान और संरक्षण यात्रा के अंतर्गत मालवा की मूर्त और अमूर्त विरासत के संरक्षण के लिए पहल की गई है। हाल ही में उज्जैन एवं रतलाम जिले के पुरास्थलों के समन्वेषण को लेकर चलाए गए अभियान के अंतर्गत उज्जैन जिले की महिदपुर एवं रतलाम जिले के आलोट तहसील का समन्वेषण किया गया। इस दौरान उज्जैन जिले के डेलची बुजुर्ग, सामानेरा, कसारी चौहान, रीछाखेड़ा आदि क्षेत्रों में प्रागैतिहासिक काल के अलावा मौर्य, शुंग, गुप्त एवं परमारकालीन स्थलों के समन्वेषण से प्रचुर मात्रा में पुरा साक्ष्य प्राप्त हुए हैं, जो प्राचीन वैदिक, शैव, शाक्त एवं वैष्णव परम्परा से जुड़े हुए हैं। यात्रा दल में शोधार्थी श्री दिग्विजय द्विवेदी, जितेंद्र प्रभु चौधरी आदि सम्मिलित थे।
उज्जैन जिले के ग्राम डेलची बुजुर्ग नामक महत्वपूर्ण प्रागैतिहासिक स्थल के पुरातात्विक सर्वेक्षण में डेढ़ किलोमीटर लंबे प्राचीन टीले की खोज हुई है। यहाँ से शुंग कालीन मिट्टी के बर्तन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 90 किलो तक अनाज रखने की क्षमता थी। सर्वेक्षण में जले हुए मूंग, गेंहू और जौ के अवशेष मिले हैं, जो उस समय की विकसित कृषि और अनाज भंडारण तकनीक की पुष्टि करते हैं। यहाँ सूक्ष्म प्रस्तर (माइक्रोलीथ) उपकरणों जैसे ब्लेड और कोर के निर्माण के साक्ष्य मिले हैं, जो दर्शाते हैं कि यह स्थान प्राचीन काल में औजारों के उत्पादन का केंद्र रहा होगा।
डेलची बुजुर्ग में मिले मिट्टी के बर्तनों (विशेषकर शुंग कालीन पात्रों) की मुख्य विशेषताएं हैं: अद्भुत बनावट और बड़ी क्षमता। ये पात्र पकाने की एक अत्यंत उन्नत और सुंदर विधि से बनाए गए थे। इन बर्तनों का आकार इतना विशाल था कि इनमें लगभग 90 किलो अनाज तक संग्रहित किया जा सकता था। इन बर्तनों के भीतर जले हुए मूंग, गेंहू और जौ के अवशेष मिले हैं, जो उस समय की विकसित कृषि और अनाज भंडारण व्यवस्था को प्रमाणित करते हैं। पुरातत्वविद डॉ. आर. सी. ठाकुर के अनुसार, मध्य प्रदेश में इतनी अच्छी स्थिति में प्राप्त होने वाले ये दुर्लभ पात्र हैं।
डेलची बुजुर्ग स्थान प्राचीन व्यापारिक मार्गों पर स्थित था। यहाँ एक प्राचीन बावड़ी और ऐतिहासिक मंदिर भी हैं। क्षेत्र को महान कवि कालिदास के महाकाव्य मेघदूत से जोड़कर देखा जाता है, क्योंकि कालिदास ने मेघ को उज्जैन के समीप इसी क्षेत्र से गुजरने का वर्णन किया था। यह स्थल हिंगलाज माता के प्राचीन मंदिर के लिए प्रसिद्ध है। यहाँ परमार काल की प्रतिमाएं और लगभग 1000 वर्ष पुराना स्तंभ है। मंदिर के पास ‘चूल’ (अग्निकुंड) परंपरा का निर्वाह आज भी किया जाता है। यहाँ एक लक्ष्मी नारायण मंदिर भी है, जो मराठाकालीन वास्तुकला को दर्शाता है और इसमें कीर्तिमुख जैसे शिल्प अवशेष देखे जा सकते हैं। डेलची बुजुर्ग में मराठा काल के एक छोटे किले के अवशेष हैं, जो सुरक्षा और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण थे।
डेलची बुजुर्ग में एक प्राचीन और अद्वितीय अष्टकोणीय बावड़ी (स्टेपवेल) है, जो जल संरक्षण और यात्रियों के विश्राम स्थल के रूप में काम आती थी। यह बावड़ी एक प्रमुख प्राचीन व्यापारिक मार्ग (राजपथ) पर स्थित थी, जो उज्जैन (अवंती जनपद) को मंदसौर (दशपुर जनपद) से जोड़ता था। यह यात्रियों, व्यापारियों और उनके पशुओं के लिए एक महत्वपूर्ण विश्राम स्थली थी। मराठा काल के दौरान, यह बावड़ी एक ‘डाक बंगले’ का काम करती थी। बाहर से आने वाले आगंतुकों को शाम के बाद नगर प्रवेश की अनुमति नहीं होती थी, इसलिए वे बावड़ी के बने कमरों में रुकते थे, जहाँ उनके भोजन और ठहरने की व्यवस्था होती थी। यह बावड़ी प्राचीन जल संचयन और रिचार्जिंग का उत्कृष्ट उदाहरण है। अष्टकोणीय आकार और इसकी गहराई भूजल स्तर को बनाए रखने में मदद करती थी, जो उस समय की उन्नत इंजीनियरिंग को दर्शाती है। नगर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, बाहरी लोगों की पूरी जाँच-पड़ताल के बाद ही उन्हें किले में प्रवेश दिया जाता था, और यह बावड़ी सुरक्षा जाँच केंद्र की तरह इस प्रशासनिक प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण हिस्सा थी। डेलची बुजुर्ग में नर्मदेश्वर महादेव मंदिर और प्राचीन हनुमान मंदिर भी हैं जो इस स्थान की सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं।
रतलाम जिले के कसारी चौहान और रीछा खेड़ा गांव का प्राचीन टीला लगभग 2,500 से 3,000 वर्ष पुराना माना गया है। यहां खुदाई में मौर्यकालीन ईंटों के टुकड़े, ‘ब्लैक एंड रेड वेयर’ (मिट्टी के पात्र) और मालवा सभ्यता से संबंधित महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं। स्थल से बड़ी संख्या में पत्थर के ‘कोर’ (cores) और सूक्ष्म औजार (microliths) प्राप्त हुए हैं, जिससे यह संकेत मिलता है कि प्राचीन काल में यहां औजार बनाने का केंद्र रहा होगा। समन्वेषण में मौर्यकालीन ईंटों के टुकड़े प्राप्त हुए हैं, जो उस समय की उन्नत वास्तुकला की पुष्टि करते हैं।
यहां देवी मां का एक प्राचीन मंदिर है, जिसके चमत्कार और वहां मौजूद शेषनाग की किंवदंतियाँ इस क्षेत्र के लोक मानस के अंग हैं। यहां परमार काल की मूर्तियां और ‘पालिया’ (योद्धाओं के स्मारक) भी पाए गए हैं। यहां मिले कुछ विशेष मिट्टी के बर्तनों के टुकड़ों से विद्वानों का मानना है कि इस क्षेत्र के प्राचीन काल में रोम जैसी विदेशी सभ्यताओं के साथ भी व्यापारिक संबंध रहे होंगे। इस टीले पर आधुनिक निर्माण के साथ-साथ प्राचीन मंदिर की प्रतिमाओं को सहेजने का प्रयास किया गया है, और इसे एक ऊर्जावान शक्ति स्थल के रूप में देखा जाता है। उज्जैन और रतलाम जिले के इन पुरा स्थलों में बिखरे हुए पुरावशेषों और मूर्ति शिल्प को सुरक्षित करने के लिए उज्जैन स्थित सम्राट् विक्रमादित्य विश्वविद्यालय और अश्विनी शोध संस्थान, महिदपुर द्वारा सेमिनार आयोजित करने और श्रमदान के माध्यम से इन्हें संरक्षित करने की योजना बनाई जाएगी।


Leave a Reply