झाबुआ में वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित
विद्यार्थियों को बैंकिंग सेवाओं, सरकारी योजनाओं एवं साइबर सुरक्षा की दी जानकारी
रणवीर सिंह सिसोदिया जिला ब्यूरो दिव्य गौरव समाचार
झाबुआ। युवाओं में वित्तीय जागरूकता बढ़ाने तथा उन्हें बैंकिंग सेवाओं एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से परिचित कराने के उद्देश्य से 18 नवंबर 2026 को शहीद चंद्रशेखर आजाद कॉलेज, झाबुआ में वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कॉलेज के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
शिविर में विद्यार्थियों को बचत का महत्व, बैंकिंग सेवाओं, बीमा योजनाओं एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना एवं सुकन्या समृद्धि योजना के लाभ, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया के बारे में बताया गया।
इसके साथ ही बचत खाता, आवर्ती जमा (RD), सावधि जमा (FD), इंटरनेट बैंकिंग एवं मोबाइल बैंकिंग के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को ई-केवाईसी, ओटीपी की गोपनीयता तथा बैंकिंग संबंधी व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की समझाइश दी गई।
कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा एवं ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव पर विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों को फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, ऑनलाइन ठगी एवं डिजिटल भुगतान से संबंधित धोखाधड़ी के प्रति जागरूक करते हुए साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट इंचार्ज श्री केशव शर्मा, CFL इंचार्ज सुश्री कन्या मोरी, FLCC श्री सुरेश सोलंकी, बैंक ऑफ बड़ौदा के BC श्री निखिल राठौड़, भारतीय स्टेट बैंक के BC श्री मनीष त्रिवेदी एवं टाटा ट्रस्ट से श्री प्रेम गोहरी उपस्थित रहे।
अतिथियों ने विद्यार्थियों को बचत की आदत अपनाने, सुरक्षित डिजिटल लेन-देन करने तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
उल्लेखनीय है कि इस शिविर का आयोजन CFL झाबुआ एवं टाटा ट्रस्ट के सहयोग से स्वाधार फिनएक्सेस के संचालन में किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को वित्तीय रूप से जागरूक, आत्मनिर्भर एवं जिम्मेदार बनाना रहा।

Leave a Reply