श्री गोवर्धन गौशाला बरमंडल सहित आसपास की गौशालाओं में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई गोवर्धन पूजा
गौ माता की पूजा-अर्चना कर लगाया चूरमे का भोग, महाआरती के बाद हुआ महाप्रसादी का वितरण दैनिक दिव्य गौरव न्युज़ सरदारपुर से शंकर लाल मारु की रिपोर्ट, बरमंडल से,
बरमंडल। दीपावली पर्व के पावन अवसर पर श्री गोवर्धन गौशाला बरमंडल सहित आसपास के क्षेत्र की विभिन्न गौशालाओं में गोवर्धन पूजा का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गौशालाओं में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में गांव के गणमान्य नागरिक, महिला मंडल, गौभक्त एवं पशु चिकित्सकों की टीम उपस्थित रही।
कार्यक्रम के दौरान विधि-विधान के साथ भगवान गोवर्धन की पूजा-अर्चना की गई। इसके साथ ही गौ माता का पूजन कर उन्हें तिलक लगाया गया तथा श्रद्धापूर्वक चूरमे का भोग अर्पित किया गया। गौ माता के प्रति श्रद्धा एवं सेवा भाव के साथ गौभक्तों ने पूजा-अर्चना में भाग लिया। इस अवसर पर श्री ऋण मुक्तेश्वर महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ एवं गौ माता की विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। महाआरती में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने भाग लेकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं जनकल्याण की मंगलकामना की।
धार्मिक आयोजन के समापन पर उपस्थित सभी श्रद्धालुओं एवं गौभक्तों को महाप्रसादी का वितरण किया गया। पूरे आयोजन में भक्तिमय वातावरण बना रहा। महिला मंडल एवं समस्त गौभक्तों की सहभागिता से कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ गोवर्धन पूजा के इस पावन अवसर पर गौ माता की सेवा, संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लेने का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम ने एक बार फिर समाज में गौसेवा, धार्मिक आस्था और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत किया। इस कार्यक्रम में श्री गोवर्धन गौशाला समिति पडुनीखुर्द , बरमंडल,बरखेड़ा एवं आसपास के क्षेत्र के समस्त गोभक्त, मां भवानी गौ सेवा महिला मंडल की सभी महिलाये, मां अन्नपुर्णा गौ सेवा महिला मंडल की सभी महिलाये , समस्त गौभक्त, पशु चिकित्सक लक्ष्मण डावर , गोसेवक रोहित मारु, कैलाश गोयल, एवं बरमंडल बरखेड़ा के समस्त गौ सेवक मोजुद रहे कार्यक्रम के दौरान कैलाश बैरागी पंडित जी का गौशाला समिति एवं गौभक्तों के द्वारा शाल, श्रीफल, देकर सम्मान किया गया बरमंडल एवं आसपास के क्षेत्र के सभी मंदिरों में अन्नकुट महोत्सव मनाया गया एवं महाप्रसादी का वितरण किया गया।।


Leave a Reply