संविधान दिवस पर भगत सिंह शासकीय महाविद्यालय जावरा में विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित
रिपोर्टर प्रहलाद पवार रानीगांव
जावरा। मेरा युवा भारत (My Bharat) एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में संविधान दिवस के उपलक्ष्य में भगत सिंह शासकीय महाविद्यालय, जावरा में विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को भारतीय संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक कर्तव्यों एवं विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चरणों में माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महाविद्यालय के पार्षद/सांसद प्रतिनिधि माननीय श्री शिवेंद्र माथुर उपस्थित रहे। वहीं अतिथि के रूप में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. विद्या तिवारी, प्रशासनिक अधिकारी डॉ. मंजुला एलांसे सहित डॉ. बी.एस. किराड़े, डॉ. आभा सक्सेना, डॉ. भावना भट्ट, डॉ. रेनू नामदेव, डॉ. प्रकाश परमार, डॉ. संगीता जटिया, डॉ. लव कुश पाटीदार, डॉ. जगदीश एवं गायत्री रोड़ा उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि श्री शिवेंद्र माथुर ने युवाओं को संबोधित करते हुए भारतीय संविधान की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं शैक्षणिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने तथा प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. विद्या तिवारी ने संविधान की उद्देशिका के महत्व को समझाते हुए विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों को संविधान में उल्लेखित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के मूल आदर्शों की जानकारी दी।
इस अवसर पर यूथ आइकॉन श्री निशित श्रीमाल ने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से भारतीय संविधान की विशेषताओं, देश की वर्तमान चुनौतियों एवं उनके समाधान पर विस्तारपूर्वक जानकारी प्रस्तुत की। साथ ही भारत सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया।
स्पोर्ट्स आइकॉन श्री रूपेंद्र सिंह चौहान ने युवाओं को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हुए विभिन्न खेल गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने का संदेश दिया। उन्होंने खेलों को युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम का संचालन सहायक प्राध्यापक एवं राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी श्री श्यामलाल चौधरी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। प्रमाण-पत्र वितरण के माध्यम से युवाओं की सहभागिता एवं सक्रिय योगदान को प्रोत्साहित किया गया। इसके पश्चात मेरा युवा भारत (My Bharat), रतलाम, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा जिला युवा अधिकारी श्री सौरभ श्रीवास्तव के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply