रणवीर सिंह सिसोदिया जिला ब्यूरो दिव्य गौरव समाचार झाबुआ

झाबुआ, 28 नवम्बर 2026। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झाबुआ श्रीमती आशिता श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में दिनांक 28 नवम्बर 2026 को जिला जेल झाबुआ में महिला एवं पुरुष बंदियों के लिए विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिला न्यायाधीश एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झाबुआ श्री दिनेश देवड़ा द्वारा की गई। इस अवसर पर जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री जयदेव माणिक तथा एलएडीसीएस अधिवक्ता श्री रूपेश शर्मा एवं श्री विश्वास उपस्थित रहे।

शिविर के दौरान सचिव श्री दिनेश देवड़ा द्वारा जेल की महिला एवं पुरुष बैरकों में पहुंचकर बंदियों से व्यक्तिगत रूप से संवाद किया गया तथा उनके प्रकरणों की वर्तमान स्थिति, गिरफ्तारी की तिथि, अधिवक्ता की उपलब्धता एवं प्रकरणों में अपील की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। उन्होंने बंदियों से यह भी पूछा कि उन्हें अपने प्रकरणों की पैरवी एवं विधिक प्रक्रिया के संबंध में किसी प्रकार की समस्या तो नहीं है। उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं पात्र बंदियों को नियमानुसार निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है, ताकि कोई भी व्यक्ति आर्थिक अभाव के कारण न्याय प्राप्त करने से वंचित न रहे। इस दौरान सचिव श्री देवड़ा ने बंदियों से जेल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की तथा उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने बंदियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने एवं उपलब्ध विधिक सहायता सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

विधिक साक्षरता शिविर के पश्चात् सचिव श्री दिनेश देवड़ा द्वारा जिला जेल का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान जेल की व्यवस्थाओं, बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, साफ-सफाई, भोजन एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। शिविर का उद्देश्य जेल में निरुद्ध बंदियों को उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता एवं न्याय प्राप्ति की प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना तथा उनकी समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करने की दिशा में आवश्यक पहल करना रहा।

Leave a Reply

Designed with WordPress